'पर्दों में इस गलती को छुपा नहीं सकता भारत', ऐतिहासिक जीत के बावजूद गावस्कर ने जारी की चेतावनी
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली गई 3 मैचों की टी20 सीरीज में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लीन स्वीप कर दिया है। भारत ने धर्मशाला के मैदान पर खेले गये दूसरे मैच में जीत हासिल कर श्रृंखला को पहले ही अपने नाम कर लिया था लेकिन रविवार को टीम में कई बदलावों के बावजूद जब वो मैच जीतने में कामयाब रहे तो कई सारे रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिये। श्रीलंका की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत की लेकिन दशुन शनाका की नाबाद 74 रनों की पारी के दम पर श्रीलंका की टीम 5 विकेट खोकर 146 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।

भारत ने सीरीज के पहले मैच में 62 रनों से जीत हासिल की थी, तो वहीं पर दूसरे मैच में उसने 184 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए महज 17.1 ओवर्स में 7 विकेट से जीत हासिल की। ऐसे में तीसरे मैच में 147 रन के लक्ष्य का पीछा करना उसके लिये बड़ी बात साबित नहीं हुआ और उसने इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

गावस्कर ने जारी की चेतावनी
इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 क्रिकेट में लगातार 12वीं जीत हासिल की और टी20 क्रिकेट इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा जीत हासिल करने के विश्व रिकॉर्ड में अफगानिस्तान और रोमानिया के साथ पहले पायदान पर काबिज हो गई है। वहीं रोहित शर्मा की कप्तानी में यह लगातार 5वीं टी20 सीरीज है जिसमें उसने विपक्षी टीम को क्लीन स्वीप किया है, ऐसे में वो लगातार टी20 सीरीज में विपक्षी टीम को क्लीन स्वीप करने के मामले में भी सरफराज अहमद, असगर अफगान के साथ पहले पायदान पर पहुंच गये हैं।
भले ही भारतीय टीम ने इस मैच में ऐतिहासिक जीत हासिल की लेकिन पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्टस के साथ बात करते हुए कप्तान रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ के टीम मैनेजमेंट को चेतावनी जारी की है। गावस्कर ने धर्मशाला के मैदान पर खेले गये आखिरी दो मैचों का विश्लेषण करते हुए कहा कि अगर कप्तान रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ इस समस्या का समाधान नहीं निकालेंगे तो टीम को विश्वकप में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

डेथ ओवर्स की गेंदबाजी बन रही चिंता का विषय
गावस्कर ने आखिरी दो मैचों में भारत की तरफ से डेथ ओवर्स में रन लुटाने की बात पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय टीम को इस समस्या का निदान करने की दरकार है, क्योंकि वो इस गलती को आगे चलते हुए दोहरा नहीं सकती है। श्रीलंका ने रविवार को खेले गये मैच में आखिरी 5 ओवर्स में 68 रन बटोरे थे तो वहीं पर शनिवार को खेले गये मैच में उसने आखिरी के 5 ओवर्स में 80 रन बटोरे थे।
उन्होंने कहा,' यह परेशानी का सबब नहीं है लेकिन यह कुछ ऐसा है जिसे आप आने वाले मैचों में नियमित रूप से नहीं देखना चाहेंगे। यह इस तरह के प्रारूप में देखने को मिलता है और कई बार होता है कि आखिरी के 5-6 ओवर्स में आपको 80-90 रनों की साझेदारी देखने को मिल जाती है। हमें पिछले दो मैचों में कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। शनाका दोनों ही पारियों में शानदार नजर आये थे..वह बुमराह के खिलाफ भी बड़े शॉट लगाते नजर आये जो कि कर पाना आसान नहीं है। भारतीय टीम के लिये यह आने वाले समय में वो दिक्कत बन सकती है, जिसे पर्दे के अंदर छुपा पाना आसान नहीं होगा। भारत को अपनी डेथ ओवर्स की गेंदबाजी पर नजर रखनी होगी और यह तय करना होगा कि पहले 10 और आखिरी 8 ओवर्स में कैसे गेंदबाजी हो। यह भारत के लिये वो दिक्कत है जिसे समझना जरूरी है।'

रोहित बोले घबराने की जरूरत नहीं
भारतीय टीम की डेथ ओवर्स की गेंदबाजी पर बात करते हुए कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि मैं गेंदबाजों पर बहुत ज्यादा सख्त नहीं होना चाहता, लेकिन आपको समझना होगा कि यह चीजें होती हैं। हमने शुरुआती ओवर्स में काफी अच्छी गेंदबाजी की और पहले 15 ओवर्स तक रन बनाने से रोक कर रखा, आखिरी के 5 ओवर्स में रन तेजी से आये। यह कुछ ऐसा है जिसे हमें समझना होगा। पिच बल्लेबाजी के लिये काफी शानदार है और यहां पर गेंद आसानी से बल्ले पर आ रही थी, जिसकी वजह से ऐसी चीजें हो जाती हैं।












Click it and Unblock the Notifications