कौन करेगा Jadeja को रिप्लेस? पूर्व भारतीय ओपनर ने सुझाया एक भी मैच ना हारने वाले खिलाड़ी का नाम
नई दिल्ली, 3 सितंबर: पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर का ऐसा कहना है कि रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में रवींद्र जडेजा की जगह दीपक हुड्डा (Deepak Hooda) को आजमाना चाहिए। बता दें कि जडेजा दाहिने घुटने में लगी चोट के कारण एशिया कप से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पर टीम में अक्षर पटेल को शामिल किया गया है। अक्षर इससे पहले इस टूर्नामेंट के लिए रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल थे।

क्या बोले जाफर?
क्रिकइंफो के शो पर वसीम जाफर से पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में अक्षर पटेल और दीपक हुड्डा में से किसी एक चयन को लेकर सवाल किया गया। इसका जवाब देते हुए जाफर ने कहा, ''हुड्डा को मौका मिलना चाहिए.. इसमें कोई संदेह नहीं है। क्योंकि यह बल्लेबाजी को और भी मजबूत बनाता है। विशेष रूप से पाकिस्तान के खिलाफ, अभी तक हमने उस ब्रांड की क्रिकेट नहीं खेली है, जो टी20 में आक्रामता को दर्शाता है। हमारी बल्लेबाजी सातवें क्रम तक है। अगर हुड्डा आते हैं, तो बल्लेबाजी थोड़ी लंबी हो जाएगी। इसलिए मुझे ये फायदे का सौदा लग रहा है। वह उन दो ओवरों में गेंदबाजी कर सकते हैं और उनको किसी भी क्रम पर बैटिंग के लिए भेजा सकता है।''

टीम के पास नहीं है बाएं हाथ का खिलाड़ी
जडेजा के बाहर होने जाने के बाद भारतीय टीम के पास बाएं हाथ के खिलाड़ी की समस्या खड़ी होने वाली है। दरअसल, प्लेइंग-11 में पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के पहले मुकाबले में ऋषभ पंत की जगह दिनेश कार्तिक को मौका दिया गया था। रविवार को भी पंत के बेंच पर बैठने की ही उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में अगर पंत नहीं खेलते हैं और अक्षर को भी प्लेइंग-11 में मौका नहीं मिलता है, तो ये पाक स्पिनर मोहम्मद नवाज और शादाब खन के लिए फायदेमंद रहेगा।

जाफर ने रखी अपनी राय
बाएं हाथ के खिलाड़ी के सवाल पर जाफर ने कहा, "मुझे लगता है कि यही एकमात्र सवाल है। दिनेश कार्तिक के होने के चलते भारत अगर पंत को नहीं खिलाता है और अक्षर भी नहीं खेलते हैं, तो टीम के पास बाएं हाथ का कोई ऑप्शन नहीं बचता है। पाकिस्तान के पास शादाब खान और मोहम्मद नवाज हैं। ऐसे में आप कम से कम एक बाएं हाथ के खिलाड़ी को प्लेइंग-11 में रखना चाहेंगे, जो उनकी गेंदबाजी के खिलाफ रन बना सके। बस यही सवालिया निशान है। इसी कारण हम हुड्डा की जगह अक्षर पटेल को खेलता देख सकते हैं।''

हुड्डा ने किया प्रभावित
दीपक हुड्डा ने इस साल अपने इंटरनेशनल डेब्यू के बाद क्रिकेट के जानकारों को अपने प्रदर्शन से खासा प्रभावित किया है। वह ओपनिंग से लेकर किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी कर सकते हैं और बढ़िया स्पिन भी कर लेते हैं। अभी तक खेले 9 T20I मैचों में उन्होंने लगभग 55 की औसत से 274 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक भी शामिल है। एक दिलचस्प आंकड़ा ये भी है कि दीपक ने भारत के लिए इंटरनेशनल लेवल पर अभी तक जितने भी (17) मैच खेले हैं, सभी में भारत ने जीत दर्ज की है।

अक्षर ने भी दिखाया दम
पिछले काफी समय से अक्षर पटेल ने भी तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए दमदार प्रदर्शन किया है। वेस्टइंडीज दौरे पर तो उन्होंने बल्ले से भी जोरदार पारी खेली थी। 26 T20I मैचों में पटेल ने 137.38 के स्ट्राइक रेट से 147 रन बनाने के अलावा 27.19 की औसत से कुल 21 विकेट भी लिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications