कुलदीप यादव ने कोलकाता से लिया बेइज्जती का बदला, छूट गई हैट्रिक पर एक ओवर में बदला मैच
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 19वां मैच ब्राबोर्न स्टेडियम पर दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच खेला गया, जहां पर दिल्ली की टीम ने जीत की राह पर वापसी की है। दिल्ली के दो पूर्व कप्तानों के बीच हुई इस जंग में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम ने श्रेयस अय्यर की कोलकाता नाइट राइडर्स को 44 रनों से हरा कर सीजन की दूसरी जीत हासिल की है। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 4 अंक हासिल कर लिये हैं और अंकतालिका में छठे पायदान पर पहुंच गई है।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया और 5 विकेट खोकर 215 रन बनाये। वहीं 216 रनों का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम ने 12वें ओवर तक मैच में पकड़ बना कर रखी थी लेकिन कुलदीप यादव ने अगले कुछ ओवर्स में मैच का पासा पलट दिया और केकेआर की टीम 19.4 ओवर में 171 रन पर समेट दिया।
और पढ़ें: DC vs KKR: दिल्ली के लिये डेविड वॉर्नर ने 9 साल बाद ठोंका अर्धशतक, नाम किया खास रिकॉर्ड

कुलदीप ने केकेआर को दिया करारा जवाब
इस मैच के दौरान फैन्स को कई छोटे-छोटे मैच अप देखने को मिले जिसमें नई बनाम पुरानी टीम का मुकाबला टॉप पर रहा। जहां श्रेयस अय्यर ने अपनी पुरानी टीम के खिलाफ 54 रनों की पारी खेलकर 15वें सीजन का पहला अर्धशतक लगाया तो वहीं पर कुलदीप यादव ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 4 विकेट हॉल लेकर पुरानी टीम के विजय रथ को रोकने का काम किया। कुलदीप यादव पिछले 2 सीजन से कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे में जुड़े हुए थे लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा नहीं दिखाया और ज्यादा मैचों में खेलने का मौका नहीं दिया।

घर बैठने को मजबूर करती थी केकेआर
इतना ही नहीं हाल ही में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने खुलासा किया था कि कोलकाता नाइट राइडर्स के टीम मैनेजमेंट ने पिछले सीजन कुलदीप यादव को घर पर बैठने को मजबूर किया था। कई मैचों में तो इस खिलाड़ी को स्टेडियम पर भी नहीं ले गये और होटल के कमरे या फिर घर पर टीवी के सामने बैठकर मैच देखने को मजबूर किया। इसके चलते कुलदीप यादव के आत्म-विश्वास में काफी गिरावट नजर आयी और वो उस लय में नजर नहीं आये जिसमें अपना बेस्ट प्रदर्शन दे सकें।

पर्पल कैप की रेस में कुलदीप ने की उमेश की बराबरी
हालांकि जब इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स की फ्रैंचाइजी ने नीलामी में कुलदीप यादव को अपने खेमे में शामिल किया तो पहले ही कहा कि वो कुलदीप यादव का केकेआर के मुकाबले बेहतर इस्तेमाल करेंगे और पहले 4 मैचों में यही देखने को मिला है। टीम के भरोसा जताने से कुलदीप का आत्म-विश्वास बढ़ा है और वो लगातर विकेट चटकाते हुए भी नजर आ रहे हैं। कुलदीप यादव ने इस सीजन खेले गये 4 मैचों में 15.4 ओवर की गेंदबाजी कर 10 विकेट चटका दिये हैं और इस दौरान सिर्फ 11.60 की औसत से रन दिये हैं। कुलदीप पर्पल कैप हासिल करने की रेस में दूसरे पायदान पर काबिज हैं, वहीं पर पहले नंबर पर काबिज उमेश यादव ने भी 5 मैच में 10 विकेट चटकाये हैं।

12वें ओवर तक था केकेआर का कब्जा
12वें ओवर तक केकेआर की टीम ने मैच पर पकड़ बना रखी थी लेकिन ललित यादव ने नितिश राणा का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी कराई। हालांकि असल वापसी अगले ओवर में हुई जब कुलदीप यादव ने अर्धशतक लगा चुके श्रेयस अय्यर को पंत के हाथों स्टंप कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। हालांकि दिल्ली के लिये अभी भी खतरा दूर नहीं हुआ था और क्रीज पर उसके सामने सैम बिलिंग्स, पैट कमिंस और आंद्रे रसेल जैसे बल्लेबाजों की चुनौती थी। 15वें ओवर में खलील अहमद गेंदबाजी करने आये और सैम बिलिंग्स का विकेट लेकर अतिरिक्त दबाव बना दिया।

हैट्रिक लगाने से चूके कुलदीप यादव
हालांकि 16वें ओवर में कुलदीप यादव ने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर मैच को पूरी तरह से दिल्ली कैपिटल्स के खेमे की तरफ ला खड़ा किया। कुलदीप की पारी का यह आखिरी ओवर था जिसकी तीसरी गेंद पर उन्होंने पहले पैट कमिंस को एलबीडब्ल्यू कर वापस पवेलियन भेजा तो वहीं पांचवी गेंद पर सुनील नरेन को पॉवेल के हाथों कैच कराया। ओवर की आखिरी गेंद पर कुलदीप यादव ने उमेश यादव को अपनी ही गेंद पर कैच कर पारी का चौथा विकेट अपने नाम किया। इस गेंद के बाद कुलदीप के पास हैट्रिक लेने का मौका था लेकिन कोटे के ओवर खत्म हो जाने की वजह से वो हैट्रिक नहीं हासिल कर सके।

कुलदीप यादव ने लगाया विकेटों का अर्धशतक
गौरतलब है कि उमेश यादव का विकेट लेने के साथ ही कुलदीप यादव ने आईपीएल में अपने 50 विकेट पूरे कर लिये हैं। उल्लेखनीय है कि केकेआर की टीम ने 2020 में कुलदीप को सिर्फ 5 मैचों में खेलने का मौका दिया था जबकि पिछले सीजन में एक भी मैच में नहीं खिलाया था, ऐसे में पुरानी टीम के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाकर कुलदीप ने जबरदस्त जवाब दिया है। आपको बता दें कि कुलदीप यादव को उनके प्रदर्शन के चलते मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया और दिल्ली को इस सीजन मिली दूसरी जीत में लगातार दूसरी बार उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications