DC vs KKR: दिल्ली के लिये डेविड वॉर्नर ने 9 साल बाद ठोंका अर्धशतक, नाम किया खास रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 19वां मैच नवी मुंबई के ब्राबोर्न स्टेडियम पर खेला जा रहा है, जहां पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हो रहा है। लगातार 2 मैचों में हार का सामना करने वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस मैच में जीत की राह पर वापस लौटने के लिये उतरी है तो वहीं पर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम सीजन की चौथी जीत हासिल करने की ओर देख रही है। इस बीच केकेआर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और दिल्ली कैपिटल्स की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिये बुलाया गया है।

केकेआर की टीम के लिये इस सीजन खेले गया यह पहला दिन का मैच था, जिसके चलते उसके गेंदबाजों को पावरप्ले में वो सफलता नहीं मिल सकी, जो उसे शाम के मैचों में मिलती नजर आयी है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (51) और डेविड वॉर्नर (61) के दम पर दमदार शुरुआत की।
और पढ़ें: 'कौन रोक सकता है डेथ ओवर्स में तेवतिया का कहर', हर्षा भोगले के सवाल पर इस युवा पेसर ने दिया जवाब

शॉ-वॉर्नर ने दिलाई दमदार शुरुआत
दिल्ली के लिये इन दोनों खिलाड़ियों ने जबरदस्त तरीके से पारी का आगाज करते हुए पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोये 68 रन बटोरे और पहले विकेट के लिये महज 8.4 ओवर्स में 93 रनों की साझेदारी कर डाली। इस दौरान सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया और महज 27 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। वरुण चक्रवर्ती ने शॉ को बोल्ड मारकर इस साझेदारी को तोड़ने का काम किया।

9 साल बाद वॉर्नर ने दिल्ली के लिये ठोंका अर्धशतक
वहीं पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के लिये वापसी करने वाले डेविड वॉर्नर ने कोलकाता के खिलाफ 35 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर अपनी वापसी का ऐलान कर दिया है। उल्लेखनीय है कि डेविड वॉर्नर दिल्ली कैपिटल्स के लिये आखिरी बार साल 2013 में खेलते हुए नजर आये थे, जिसमें उन्होंने अपना आखिरी अर्धशतक कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लगाया था, ऐसे में उन्होंने जब 9 साल बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम में वापसी की है तो उनका पहला अर्धशतक भी कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आया है। जो कि उनकी जबरदस्त घर वापसी का ऐलान है।

ऐसा करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बनें
गौरतलब है कि दिल्ली कैपिटल्स के लिये डेविड वॉर्नर ने इस मैच में कुल 45 गेंदों का सामना कर 6 चौके और 2 छक्के के दम पर 61 रनों की पारी खेली, जिन्हें उमेश यादव ने आउट कर अपनी टीम की वापसी कराने का काम किया। आईपीएल करियर में डेविड वॉर्नर का यह 51वां अर्धशतक है जिसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में 5500 रनों के आंकड़े को भी पार कर लिया है और इस टूर्नामेंट में यह कारनामा करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बन गये हैं। डेविड वॉर्नर आईपीएल के इतिहास 5514 रन बना चुके हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पांचवे पायदान पर पहुंच गये हैं और रैना को पीछे छोड़ने से महज 15 रन पीछे रह गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications