DC vs KKR: नवी मुंबई में होगी दिल्ली के दो कप्तानों की भिड़ंत, अय्यर के खिलाफ क्या होगा पंत का गेमप्लान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 19वां मैच नवी मुंबई के ब्राबोर्न स्टेडियम पर खेला जाना है जहां पर फैन्स को दिल्ली कैपिटल्स की टीम के दो कप्तानों के बीच भिड़ंत देखने को मिलेगी। कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जाने वाले इस मैच में टीम के पुराने कप्तान श्रेयस अय्यर और नये कप्तान ऋषभ पंत के बीच भिड़ंत देखने को मिलेगी। जहां दिल्ली के लिये इस सीजन कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत की शुरुआत मिली जुली रही है तो वहीं पर श्रेयस अय्यर ने अपनी टीम को लगातार 4 में से 3 मैचों में जीत दिलाकर अंकतालिका में पहले पायदान पर पहुंचाया है।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस सीजन पंत की कप्तानी में जीत के साथ आगाज जरूर किया लेकिन पिछले दो मैचों में कुछ खराब फैसलों के चलते उसे हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में जब दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी टीम रविवार को मुंबई के ब्राबोर्न स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ उतरेगी तो उसका एक ही लक्ष्य जीत होगा।

अहम मौकों पर हासिल करनी होगी जीत
केकेआर के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की टीम के जीत के गेमप्लान के बारे में बात करते हुए गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने बताया कि उनकी टीम ने तैयारी कर ली है और अपना बेस्ट प्लान बना लिया है।
उन्होंने कहा, "कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) एक अच्छी टीम है। इस टीम ने आईपीएल के पिछले सीजन के दूसरे लेग में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। इस टीम के पास अच्छा गेंदबाजी अटैक है, जिसमें दो वर्ल्ड क्लास स्पिनर और बेहतरीन पेस अटैक भी शामिल है। यही नहीं, इस टीम के पास कुछ ऐसे बल्लेबाज भी हैं, जो अकेले अपने दम पर मैच को पलट सकते हैं। ऐसे में हम इस टीम के खिलाफ हम अपनी सबसे बेहतरीन योजना तैयार करेंगे और अहम मौकों को जीतने का लक्ष्य रखेंगे।"

टीम को प्रदर्शन में सुधार की उम्मीद
होप्स ने यह भी कहा कि टीम प्रबंधन को टीम के प्रदर्शन में सुधार की उम्मीद है। होप्स ने कहा, "हमने अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन हम अपने पिछले दो मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के करीब पहुंचे थे। हम हमेशा से निरंतर सुधार की बात करते हैं और इसी कारण हम अगले मैच के साथ और अधिक सुधार की गुंजाइश देखते हैं।"

लखनऊ के खिलाफ गेंदबाजों ने किया था अच्छा प्रदर्शन
भले ही दिल्ली कैपिटल्स अपने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ छह विकेट से हार गई हो, होप्स अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन से प्रभावित थे। होप्स ने कहा, "एक समय हमें लगने लगा था कि हम जीत सकते हैं। मेरे गेंदबाजों ने अपनी प्रतिभा के साथ न्याय किया था और और जो वे कर रहे थे, उसे लेकर हमारे लिए किसी प्रकार की मुश्किल खड़ी नहीं की थी। वे जानते थे कि स्कोर पर्याप्त नहीं था, लेकिन यदि आप मुकाबले को अंत तक खींचते हैं तो फिर आपके जीतने की संभावना हमेशा बनी रहती है।"












Click it and Unblock the Notifications