David Warner ने दोहरा शतक जड़ रचा इतिहास, दर्द में भी करते रहे बल्लेबाजी, फैंस ने ठोका सलाम
Australia vs South Africa, 2nd Test: डेविड वॉर्नर ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से एक बार फिर खुद की काबिलियत को साबित किया है। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए लगातार रन बना रहे हैं।

Australia vs South Africa, 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट में डेविड वॉर्नर ने कमाल की बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। डेविड वॉर्नर ने दोहरा शतक जड़ दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। दोहरा शतक लगाने के बाद वह रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। बल्लेबाजी के दौरान वॉर्नर तकलीफ में नजर आ रहे थे।
डेविड वॉर्नर ने जड़ा दोहरा शतक
डेविड वॉर्नर ने 254 गेंदों पर 16 चौकों और 2 छक्कों की मदद से अपना दोहरा शतक पूरा किया। दोहरा शतक जड़ने के बाद वह मैदान से बाहर चले गए। 100वें टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में वॉर्नर ने पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को पछाड़ दिया है। पोंटिंग ने साल 2006 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही अपने 100वें टेस्ट की दो पारियों में 143 नाबाद और 120 रन बनाए थे। लेकिन वॉर्नर ने अब इससे अधिक रन अपने खाते में जोड़ लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिय़ा के पहले और दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने
अपने 100वें टेस्ट में शतक जड़कर डेविड वॉर्नर ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए ऐसा कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। जबकि दुनिया के दूसरे क्रिकेटर, वॉर्नर से पहले इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट यह कारनामा कर चुके हैं। जो रूट ने साल 2021 में अपने 100वें टेस्ट में भारत के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था।
वॉर्नर की पारी से फैंस खुश
डेविड वार्नर की इस दोहरे शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मैच में अपनी पकड़ काफी मजबूत कर ली है। डेविड वॉर्नर ने लगभग तीन साल बाद टेस्ट क्रिकेट में बड़ी पारी खेली है। दोहरा शतक लगाने के बाद वॉर्नर रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौट गए। शतक का जश्न मनाते समय वॉर्नर चोटिल हो गए। इससे पहले वॉर्नर बल्लेबाजी के दौरान भी तकलीफ में दिखाई दे रहे थे, लेकिन इसके बावजूद भी वह बल्लेबाजी करते रहे। वॉर्नर के इस अंदाज को देख फैंस भी बेहद खुश नजर आए। वह लगातार सोशल मीडिया पर वॉर्नर को लेकर पोस्ट शेयर कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications