पंत की कप्तानी ने किया दिल्ली का बंटाधार, इस फैसले से नाराज क्रिकेट एक्सपर्टस ने लगाई क्लास
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 15वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम को लगातार दूसरे मैच में मिली हार के बाद ऋषभ पंत की कप्तानी को लेकर सवाल उठाये जाने लगे हैं। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गये इस मैच में लखनऊ सुपर जाएंटस की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी ओवर के रोमांच में 6 विकेट से मात दी और जीत की हैट्रिक पूरी की। जहां लखनऊ की टीम के लिये कप्तान केएल राहुल का हर एक फैसला सही साबित हुआ तो वहीं पर लगातार दूसरे मैच में मिली नजदीकी हार के बाद ऋषभ पंत के फैसलों पर सवाल खड़े किये जाने लगे हैं।

उल्लेखनीय है कि ऋषभ पंत ने रनों का बचाव करते हुए अपने सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर अक्षर पटेल से सिर्फ 2 ओवर की गेंदबाजी करायी तो वहीं पर मुस्तफिजुर रहमान का इस्तेमाल करने भी देरी लगाई, जिसके बाद खेल जगत के कई दिग्गज एक्सपर्टस ने इस युवा कप्तान के फैसलों पर सवाल खड़े करते हुए क्लास लगा दी है।
और पढ़ें: DC vs LSG: आखिरी ओवर के रोमांच में हारी दिल्ली, लखनऊ ने लगाई जीत की हैट्रिक

पंत के इस फैसले ने किया दिल्ली का बंटाधार
डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेले गये इस मैच में जिस तरह की पिच तैयार की गई थी, वहां पर ओस होने के बावजूद फिंगर स्पिनर्स को काफी मदद मिल रही थी, जिसका फायदा पहले लखनऊ के गेंदबाजों ने उठाया तो वहीं बाद में दिल्ली के लिये कुलदीप और ललित यादव ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की। हालांकि ऋषभ पंत ने बीच के ओवर्स में अक्षर पटेल से गेंदबाजी नहीं कराई, एक्सपर्टस के अनुसार पंत ने यह फैसला सिर्फ इस वजह से लिया क्योंकि क्रीज पर बायें हाथ का बल्लेबाज (क्विंटन डिकॉक) खेल रहा था तो पंत उनके सामने बायें हाथ का स्पिनर नहीं लाना चाहते थे।

पंत की कप्तानी समझ से परे रही
क्रिकेट एक्सपर्टस ने ऋषभ पंत के इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए साफ किया है कि पंत के इस फैसले का कोई तुक नहीं बनता, खासतौर से तब जब वो गेंदबाज जिसे आपने रोका है वो आपकी टीम का बेस्ट गेंदबाज है।
कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व टीम निदेशक जॉय भट्टाचार्य ने क्रिकबज से बात करते हुए कहा,' यह मैच पूरी तरह से समझ से परे था। इस मैच ने मुझे एड्रेइ तारकोवस्की की उस फिल्म की याद दिला दी जिसमें साढ़े 3 घंटे का समय बिताने के बाद आपको फिल्म समझ आनी थी लेकिन लोग इस समझ पाने के बजाय और भी कन्फ्यूज हो गये।'

आप अपने बेस्ट गेंदबाज से सिर्फ 2 ओवर नहीं करा सकते
उल्लेखनीय है कि लखनऊ सुपरजाएंटस के लिये क्विंटन डिकॉक ने पारी का आगाज करते हुए 52 गेंदों में 80 रनों की पारी खेली और इस दौरान वो 16वें ओवर तक बल्लेबाजी करते नजर आये, जिन्हें कुलदीप यादव ने वापस पवेलियन भेजा। मैच अप थ्योरी के अनुसार पंत ने डिकॉक को सामने बल्लेबाजी करते हुए देखने की वजह से ही अक्षर पटेल से गेंदबाजी नहीं कराने का फैसला किया और वो मैच में सिर्फ 2 ओवर ही फेंक सके।
भट्टाचार्य ने आगे बात करते हुए कहा,'दिल्ली के लिये आज जिस तरह से बल्लेबाजी क्रम चुना गया मुझे बिल्कुल समझ नहीं आया। फिर जब आप गेंदबाजी करने आये तब भी आपके डिसिजन समझ से परे रहे। मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि बायें हाथ का बल्लेबाज कितनी ज्यादा अच्छी फॉर्म मे है, जैसे कि डिकॉक, आप अपने सबसे बेस्ट गेंदबाज अक्षर पटेल से सिर्फ 2 ओवर नहीं करा सकते, मुझे बिल्कुल नहीं समझ आ रहा है कि यह हो कैसे सकता है।'

बहुत सारी गलतियों को सुधार सकती थी दिल्ली
भट्टाचार्य ने आगे बात करते हुए कहा कि ऋषभ पंत से यहां पर बहुत सारी गलतियां हुई है जिसे टाला जा सकता था और सच में मैं इस यूरोपियन स्कूल से आयी उपज को समझने की कोशिश कर रहा हूं, जहां पर आप बायें हाथ के बल्लेबाज के सामने बायें हाथ का स्पिनर नहीं लगा सकते। आप गेंदबाजी की तरफ देखिये और सबसे अजीब गेंदबाजी आंकड़े देखने को मिलेंगे। ऋषभ पंत की कप्तानी से नाराज होने वालों में ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महिला क्रिकेटर लिसा स्थालेकर भी हैं जिन्होंने मुस्तफिजुर रहमान को दोबारा अटैक पर लाने में की गई देरी पर नाराजगी जताई है।

दिल्ली ने मुस्तफिजुर को लाने में की देरी
उन्होंने कहा,'दिल्ली की टीम ने मुस्तफिजुर को दोबारा लाने में काफी देरी कर दी। हम सभी ने देखा कि वो अपनी छोटी ऑफ कटर गेंदों से पिच पर कितना ज्यादा प्रभाव डाल रहे थे। यह बिल्कुल ऐसा लगा रहा था कि वो उनका इस्तेमाल करने के लिये खूब लड़े लेकिन उससे पहले स्टेज लगाना चाहते थे, और वही स्टेज तैयार करने में काफी देरी कर दी। तो हां यह सच है कि दिल्ली ने बहुत सारे मौके गंवाये। उम्मीद है कि दिल्ली का कोचिंग स्टाफ पंत से बात करेगा और बतायेगा कि उनसे कहां चूक हुई है और वो इसे कैसे सुधार सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications