रणजी ट्रॉफी में भी जारी है चेतेश्वर पुजारा का खराब फॉर्म, फिर बिना खाता खोले हुए आउट
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा पिछले कुछ समय से बेहद खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, जिसकी वजह से वह बल्लेबाजी में ज्यादा रन बनाने में नाकाम रहे हैं तो कई मौकों पर अपना खाता खोल पाने में असफल हुए हैं। 2020 के बाद से चेतेश्वर पुजारा के लिये शायद ही कोई ऐसी टेस्ट सीरीज गई हो जिसमें वो कम से कम एक बार डक पर आउट नहीं हुए हों। उनके इसी खराब फॉर्म को देखते हुए भारतीय टीम के चयनकर्ताओं ने श्रीलंका के खिलाफ घर पर खेली जाने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से इस दिग्गज को बाहर रखा है, तो वहीं पर उनकी जगह नये खिलाड़ियों को मौका देने का फैसला किया है।

हालांकि चयनकर्ताओं ने साफ किया है कि वो टीम में अभी भी टीम में वापसी कर सकते हैं, जिसके लिये उन्हें घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करना है। लेकिन इस भारतीय बल्लेबाज की खराब फॉर्म का संघर्ष रणजी ट्रॉफी में भी जारी रहा है, जहां पर वो मुंबई के खिलाफ खेले जा रहे मैच में सौराष्ट्र की ओर से खेलने पर मैं अपना खाता भी नहीं खोल सके।
और पढ़ें: नीलामी में मिले 10.75 करोड़ तो पिज्जा पार्टी कर मनाया जश्न, अगले दिन लगा बिजली का झटका

रणजी में भी जारी है पुजारा की खराब फॉर्म
पुजारा मैच के तीसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरे थे लेकिन मुंबई के लिये डेब्यू कर रहे मोहित अवस्थी की गेंद पर विकेट के सामने फंस कर अपना विकेट गंवा बैठे। मोहित अवस्थी ने अपनी गेंदबाजी से सौराष्ट्र की टीम के टॉप ऑर्डर को पहली पारी में समेटने का काम किया। शनिवार को जब भारतीय चयन समिति ने श्रीलंका के खिलाफ 4 मार्च से खेली जाने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिये टीम का ऐलान किया तो उस दौरान मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने साफ किया कि उन्होंने काफी सोच विचार के बाद यह फैसला लिया और इसके बारे में सीनियर खिलाड़ी को पहले ही जानकारी दी गई।

मोहित अवस्थी के जाल में फंसे पुजारा
रणजी ट्रॉफी में अपना पहला मैच खेलने उतरे चेतेश्वर पुजारा डेब्यूटेंट मोहित अवस्थी की गेंद को समझ पाने में पूरी तरह से नाकाम रहे और उनकी लेट ऑउट स्विंगर में फंसकर अपना विकेट गंवा बैठे। मोहित अवस्थी ने अपनी गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 56 रन देकर 4 विकेट हासिल किये। अवस्थी ने अपनी गेंदबाजी के दौरान विश्वराज जडेजा, चेतेश्वर पुजारा, अर्पित वसावड़ा और प्रेरक मांकड़ का विकेट हासिल किया। मुंबई की टीम ने इस मैच में सरफराज खान (275) के दोहरे शतक और अजिंक्य रहाणे (129) के शतक के दम पर जबरदस्त तरीके से पारी का आगाज किया 544/7 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। जवाब में डिफेंडिंग चैम्पियन सौराष्ट्र की टीम मुश्किल का सामना करते हुए तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट खोकर 164 रन ही बना सकी है। सौराष्ट्र के लिये शेल्डन जैक्शन और चिराग जनी नाबाद पारियां खेलकर क्रीज पर मौजूद हैं।

पुजारा फेल तो रहाणे ने ठोंका शतक
गौरतलब है कि चयनकर्ताओं ने सिर्फ पुजारा को ही नहीं बल्कि अजिंक्य रहाणे को भी खराब फॉर्म के चलते टीम से बाहर कर घरेलू स्तर पर रन बनाने के लिये भेजा है। जहां पर चेतेश्वर पुजारा अपने पहले मैच में बिना खाता खोले वापस लौटे तो वहीं पर रहाणे ने शतक लगाकर वापसी का ऐलान किया है। अजिंक्य रहाणे ने आखिरी बार साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में शतक लगाया था, जिसके बाद वो काफी संघर्ष करते नजर आये और तकनीकी गलतियां कर विकेट खोते गये।
जहां पर रहाणे ने शतक लगाकर फॉर्म को वापस हासिल करने का ऐलान किया है तो वहीं पर पुजारा अभी भी संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। पुजारा ने आखिरी बार साल 2018-19 की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाये थे, जिसमें उन्होंने 8 पारियों में 521 रनों का योगदान देकर भारत को पहली ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जिताई थी। हालांकि उसके बाद से वो 27 पारियां खेल चुके हैं और सिर्फ 1287 रन ही बना चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications