क्या IPL 2022 के दम पर T20 विश्वकप में जगह बनायेंगे दिनेश कार्तिक, रवि शास्त्री ने दिया जवाब
नई दिल्ली। भारतीय टीम में जगह बनाने और वापसी करने का सपना रखने वाले खिलाड़ियों के लिये पिछले कुछ समय में इंडियन प्रीमियर लीग काफी बड़ा प्लेटफॉर्म साबित हुआ है। इसी वजह से चयनकर्ता भी इस टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर काफी पैनी नजर रखते हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में इस साल खेले जाने वाले टी20 विश्वकप के लिये भारतीय टीम में जगह बनाने के लिये आईपीएल 2022 में कई खिलाड़ी अपना बेस्ट देने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।

ऐसे में जहां चयनकर्ता खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर करीब से नजर रखे हुए हैं तो वहीं पर इस बात पर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या आरसीबी के लिये इस सीजन बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे दिनेश कार्तिक को भारत की टी20 विश्वकप टीम में जगह मिल सकती है।
और पढ़ें: 'नई गेंद से वो दुनिया का सबसे खतरनाक बॉलर है', कैफ ने बुमराह नहीं इस भारतीय का लिया नाम

RCB के लिये अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं कार्तिक
दिनेश कार्तिक का नाम भले ही फिलहाल चयन से कोसों दूर नजर आता हो, लेकिन मैच को खत्म करने की अपनी काबिलियत से सभी को प्रभावित किया है और टीम में वापसी करने की दावेदारी पेश की है। दिनेश कार्तिक ने इस सीजन खेले गये 3 मैचों में 204.5 की स्ट्राइक रेट से 44 गेंदों का सामना किया है और 90 रन बना चुके हैं। कार्तिक ने इस दौरान 3 पारियों में 32 (14 गेंद), 14 (7 गेंद) और 44 (23 गेंद) की पारियां खेली हैं। कार्तिक की इस पारी के चलते आरसीबी ने राजस्थान के खिलाफ खेले गये मैच में टॉप ऑर्डर बिखरने के बावजूद स्कोर चेज कर लिया था और 4 विकेट से जीत हासिल की थी।

रवि शास्त्री ने वापसी करने पर दिया जवाब
कार्तिक की इस पारी के बाद से ही उनके भारतीय टीम में वापसी करने की बात पर चर्चा शुरू हो गई है और अब भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने इस सवाल पर अपना जवाब दिया है। ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए पूर्व हेड कोच ने कहा कि भारतीय टीम के पास एमएस धोनी जैसा फिनिशर नहीं है तो ऐसे में दिनेश कार्तिक को उनके अनुभव के आधार पर जगह दी जा सकती है, हालांकि भारतीय टीम को अपने टीम का चयन करते हुए कई सारे विकेटकीपर बल्लेबाजों के नाम पर ध्यान लगाना होगा।
उन्होंने कहा,'कार्तिक ने जितना क्रिकेट खेला है और उनके पास जितना अनुभव उसे देखते हुए वो इसके अच्छे उम्मीदवार हैं, हालांकि यह टूर्नामेंट अभी काफी बड़ा है और जिस तरह से चोटों के लगने की संभावना रहती है उसे देखते हुए अभी कुछ कह पाना सही नहीं होगा। कार्तिक ने जिस सोच के साथ सीजन का आगाज किया है वो काफी शानदार है। उनके पास हर तरह के शॉट हैं, बेहतरीन अनुभव है और अगर एक अच्छा आईपीएल बीत जाता है तो वो चयनकर्ताओं की नजर में जरूर रहेंगे।'

चयन से पहले इस बात पर देना होगा ध्यान
रवि शास्त्री ने आगे बात करते हुए कहा कि टीम के पास अब धोनी नहीं हैं तो वो एक फिनिशर शामिल करने पर जरूर नजर रखेंगे लेकिन आपको यह भी देखना होगा कि आप टीम में कितने विकेटकीपर रखना चाहते हैं। आपके पास ईशान किशन, ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक के रूप 3 विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में अगर कोई चोटिल हो जाता है तो वो टीम का हिस्सा अपने आप बन जायेंगे।

पंत-किशन का चुना जाना तय
गौरतलब है कि जहां पर टी20 विश्वकप के लिये ऋषभ पंत का खेलना लगभग तय माना जा रहा है तो वहीं पर ईशान किशन ने भी मुंबई इंडियंस के लिये पहले दो मैचों में लगातार दो अर्धशतक लगाकर अपनी अच्छी फॉर्म को बता दिया। इसके अलावा संजू सैमसन को भी पिछले महीने घर पर श्रीलंका के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में जगह दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications