MI vs DC: दिल्ली को बड़ा झटका! नेट्स में चोटिल हुए KL राहुल, मुंबई के खिलाफ मैच से बाहर होने का खतरा
IPL 2025 के प्लेऑफ की दौड़ में शामिल दिल्ली कैपिटल्स (DC) को उस वक्त तगड़ा झटका लगा, जब टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोटिल हो गए। बुधवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 'करो या मरो' वाले मुकाबले से पहले राहुल की फिटनेस पर सवाल खड़े हो गए हैं। अगर वो अगले मैच से बाहर होते हैं, तो यह दिल्ली के लिए बड़ा झटका होगा।
दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज और विकेटकीपर केएल राहुल को प्रैक्टिस सेशन के दौरान घुटने में चोट लग गई। बताया जा रहा है कि तेज गेंदबाज मुकेश कुमार की गेंद पर राहुल को झटका लगा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत नेट्स से बाहर जाने का फैसला लिया। वह प्रैक्टिस सेशन को अधूरा छोड़कर मैदान से बाहर चले गए।

मुंबई के खिलाफ मैच से पहले बढ़ी चिंता
दिल्ली को आज, 21 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में बेहद अहम मुकाबला खेलना है। इस मैच को जीतना DC के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए उन्हें अपने दोनों बचे हुए मैच जीतने होंगे। ऐसे में राहुल की चोट टीम की तैयारियों पर बड़ा असर डाल सकती है।
IPL 2025 में DC के टॉप स्कोरर हैं राहुल
इस सीजन में केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने अब तक 11 मैचों में 61.63 की औसत और 148.05 के स्ट्राइक रेट से कुल 438 रन बनाए हैं। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ पिछले मैच में उन्हें ओपनिंग का मौका मिला, जिसे उन्होंने शानदार शतक के साथ भुनाया। हालांकि, उनकी पारी टीम को हार से नहीं बचा पाई।
प्लेऑफ समीकरण: जीतना ज़रूरी
अंक तालिका में दिल्ली फिलहाल 13 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। जबकि मुंबई इंडियंस 14 अंकों के साथ चौथे नंबर पर है। दोनों टीमों को अपने बचे हुए मैच जीतने हैं ताकि प्लेऑफ की रेस में जगह बनाई जा सके। ऐसे में केएल राहुल की चोट से DC की राह और मुश्किल हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications