बांग्लादेश का स्टार खिलाड़ी Asia Cup से बाहर, इस वजह से टीम के साथ नहीं गया श्रीलंका
Asia Cup 2023: एशिया कप का आगाज नेपाल और पाकिस्तान के बीच मुकाबले के साथ शुरू हो गया है। 31 अगस्त को श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मुकाबला खेला जाएगा। बांग्लादेश को इस शुरुआती मुकाबले से पहले एक बड़ा झटका झेलना पड़ा है। उनका स्टार खिलाड़ी बाहर हुआ है।
बांग्लादेश के प्रीमियर बल्लेबाजों में से एक लिटन दास टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। लिटन दास को वायरल फीवर हुआ था। इस वजह से वह बांग्लादेश की टीम के साथ श्रीलंका ट्रेवल भी नहीं कर पाए थे। बांग्लादेश क्रिकेट टीम की चयन समिति ने लिटन दास का रिप्लेसमेंट घोषित किया है।

अनामुल हक बिजॉय को बांग्लादेश क्रिकेट टीम में शामिल कर लिया गया है। उन्होंने बांग्लादेश टीम के लिए 44 वनडे मुकाबले खेलकर 1254 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतकीय पारियां भी आई हैं। भारत के खिलाफ पिछले साल दिसम्बर में बिजॉय ने बांग्लादेश के लिए अपना अंतिम मुकाबला खेला था।
चयन समिति के हेड मिन्हाजुल आबेदीन ने लिटन दास का रिप्लेसमेंट उनके जैसे खिलाड़ी से करने की घोषणा की। लिटन दास विकेटकीपर हैं, इस वजह से टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज बिजॉय को ही टीम में लाया गया है। आबेदीन ने कहा कि लिटन की अनुपलब्धता के कारण हमें टॉप ऑर्डर में ऐसा खिलाड़ी चाहिए था जो बैटिंग और कीपिंग करे।
बदलाव के बाद बांग्लादेश की टीम
शाकिब अल हसन (कप्तान), नजमुल होसैन शान्तो, तोहिद हृदोय, मुशफिकुर रहीम, अफीफ होसैन, मेहदी हसन मेराज, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, मुस्ताफिजुर रहमान, शोरिफुल इस्लाम, नजूम अहमद, शैक मेहदी हसन, नईम शेख, शमीम होसैन, तंजिद हसन, तंजिम हसन शाकिब, अनामुल हक बिजॉय।












Click it and Unblock the Notifications