IND vs ENG: एजबेस्टन में भुवनेश्वर कुमार ने रचा इतिहास, टीम इंडिया की जीत में लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में खेला गया दूसरा टी20 मैच टीम इंडिया ने 49 रन से जीता।
एजबेस्टन, 10 जुलाई: भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में खेला गया दूसरा टी20 मैच टीम इंडिया ने 49 रन से जीता। इस जीत के साथ ही रोहित एंड कंपनी ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ 2-0 की अजेय बढ़त भी बना ली है। भारतीय टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) रहे। भुवी ने केवल 3 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट अपनी झोली में डाले। इस दमदार प्रदर्शन के लिए उनको प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। भुवनेश्वर ने साथ ही कई बड़े रिकॉर्ड्स भी अपने नाम पर दर्ज करा लिए।

500 डॉट बॉल फेंकने वाले पहले खिलाड़ी
भुवनेश्वर कुमार T20I के पावरप्ले में 500 डॉट बॉल फेंकने वाले पहले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। पावरप्ले के ओवर्स में अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज ने अभी तक कुल 500 डॉट बॉल फेंकी है। फटाफट क्रिकेट में बतौर गेंदबाज ये उपलब्धि हासिल करना वाकई में बहुत बड़ी बात है।
भुवी के बाद वेस्टइंडीज के सैम्युल बद्री (383) का नाम आता है। तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के टिम साउदी (368) और चौथे पर ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्ट्रार्क (354) मौजूद है। वहीं, जसप्रीत बुमराह अभी तक 305 डॉट बॉल डाल चुके हैं।

सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड
भुवनेश्वर कुमार को एजबेस्टन में शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। इसके साथ ही भुवी टीम इंडिया की ओर से T20I में बतौर तेज गेंदबाज सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी भी बन गए। भुवनेश्वर अब तक 4 बार ये अवॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। दूसरे नंबर पर जसप्रीत बुमराह (3) और तीसरे पर शार्दुल ठाकुर (3) का नाम आता है।

बटलर को भी नहीं छोड़ा
भुवनेश्वर कुमार ने पहले मैच के तरह दूसरे टी20 में भी इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को अपना शिकार बनाया। T20I में ये तीसरा ऐसा मौका रहा, जब भुवी ने बटलर को सिंगल डिजिट में आउट किया हो। इतना ही नहीं ओवरऑल इस फॉर्मेट में ये पांचवां ऐसा मौका था, जब भुवनेश्वर ने बटलर को आउट किया हो। किसी भी एशियाई गेंदबाज ने अभी तक जोस बटलर को इतनी बार आउट नहीं किया है।

पहले ही ओवर में विकेट
दूसरे टी20 मैच में भुवनेश्वर कुमार ने इंग्लैंड की पारी के पहले ओवर की पहली ही गेंद पर जेसन रॉय को शून्य पर आउट किया। इसके साथ ही भुवी T20I के पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए। कुमार अभी तक कुल 14 बार T20I के पहले ही ओवर में विकेट ले चुके हैं। इस मामले में उन्होंने इंग्लैंड के डेविड विली (13) का रिकॉर्ड तोड़ा।
भुवनेश्वर कुमार (14) और डेविड विली (13) के बाद इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (11) का नाम आता है। चौथे पर कीवी दिग्गज टिम साउदी (9) और पांचवें साउथ अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन (9) मौजूद है।
बता दें कि ओवरऑल टी20 क्रिकेट में भुवनेश्वर ने कुल 34वीं बार पहले ही ओवर में विकेट चटकाया। ओवरऑल टी20 क्रिकेट में ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के सोहेल तनवीर (36) के नाम पर दर्ज है और भुवी अब दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

T20I में 70 विकेट पूरे
भुवनेश्वर कुमार मैच में 3 विकेट लेने के साथ ही इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में युजवेंद्र चहल (79) के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने अभी तक 68 T20I मुकाबलों में 23.31 की शानदार औसत से कुल 70 विकेट लिए हैं। जसप्रीत बुमराह (69) का नाम तीसरे पायदान पर आता है।












Click it and Unblock the Notifications