पंत और जडेजा की पारी को लाइव नहीं देख पाए थे डिविलियर्स, बाद में हाइलाइट्स देखकर कही यह बड़ी बात
नई दिल्ली, जुलाई 04। भारत और इंग्लैंड के बीच बर्मिंघम में चल रहे पांचवे टेस्ट मैच में टीम इंडिया की ओर से ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने पहली पारी में शतक लगाए थे। उनकी इस पारी के लिए क्रिकेट जगत के तमाम दिग्गज खिलाड़ियों ने उनकी तारीफ की थी। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाजी एबी डिविलियर्स ने भी पंत और जडेजा की तारीफ की है। डिविलियर्स ने कहा है कि टेस्ट क्रिकेट में मैंने ऐसी साझेदारी अब तक नहीं देखी है।

क्या कहा डिविलियर्स ने ?
डिविलियर्स ने एक ट्वीट के जरिए बताया है कि उन्होंने इस मैच का लाइव एक्शन मिस कर दिया था, क्योंकि वो घर पर नहीं थे, लेकिन बाद में उन्होंने हाइलाइट्स देखे और कहा कि मैंने ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा जैसी साझेदारी टेस्ट क्रिकेट में अब तक नहीं देखी थी। डिविलियर्स ने कहा कि पंत और जडेजा ने काउंटर अटैक करते हुए जो साझेदारी की थी वो बेहद शानदार थी, ऐसी पार्टनरशिप मैंने टेस्ट क्रिकेट में पहले कभी नहीं देखी।
पंत और जडेजा के बीच हुई थी 222 रनों की साझेदारी
आपको बता दें कि बर्मिंघम के एजबेस्टन ग्राउंड पर भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मैच खेला जा रहा है, जिसका आज चौथा दिन है। रिशेड्यूल टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 125 रन बना लिए थे। चेतेश्वर पुजारा (50) और ऋषभ पंत (30) पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत की पहली पारी में पंत और जडेजा की साझेदारी ने ही टीम इंडिया को मुसीबत से निकालने का काम किया था। पंत और जडेजा के बीच छठे विकेट के लिए 222 रनों की साझेदारी हुई थी। पंत ने 111 गेंदों में 146 रन बनाए थे तो वहीं जडेजा ने 194 गेंदों में 104 रन की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications