T20 World Cup से पहले सूर्यकुमार यादव का बड़ा धमाका, धोनी को पछाड़ रच दिया इतिहास
T20 World Cup, Suryakumar Yadav: भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वर्ल्ड कप से पहले एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। साल 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप की जीत के बाद रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद टीम की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई थी। तब से लेकर अब तक सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया का प्रदर्शन दमदार रहा है।
सूर्यकुमार यादव ने धोनी को पछाड़ा (T20 World Cup, Suryakumar Yadav)
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय टीम ने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली। भारत ने इस सीरीज को 4-1 के बड़े अंतर से अपने नाम किया। सीरीज के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया ने कीवी टीम को 46 रनों से मात दी। इसी के साथ सूर्यकुमार यादव ने एक खास उपलब्धि हासिल करते हुए पूर्व कप्तान एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम ने किया कमाल
आधुनिक टी20 क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करना आसान माना जाता है। वहीं स्कोर को सफलतापूर्वक डिफेंड करना किसी भी कप्तान और गेंदबाजी के लिए बड़ी चुनौती होती है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने इस चुनौती को बखूबी स्वीकार किया है। अब तक उनके नेतृत्व में खेले गए 27 टी-20 मैचों में से 21 बार भारत ने स्कोर डिफेंड करते हुए जीत हासिल की है।
रोहित शर्मा के रिकॉर्ड के करीब सूर्या
इस जीत के साथ ही सूर्या ने एमएस धोनी के 20 बार स्कोर डिफेंड करने के रिकॉर्ड को पार कर लिया है। अब इस सूची में सूर्या से आगे केवल रोहित शर्मा (27), केन विलियमसन (27) और असगर अफगान (25) हैं। कप्तानी के अलावा सूर्यकुमार का बल्ला भी इस सीरीज में जमकर बोला। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया।
यह सूर्या के करियर का छठा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड था। इसी के साथ वे श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। अब सूर्या की नजरें विराट कोहली के विश्व रिकॉर्ड (7 बार) पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications