टीम सेलेक्शन में टांग अड़ाने के आरोपों पर BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने तोड़ी अपनी चुप्पी
नई दिल्लीः बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली तब से खबरों में बने हुए हैं जबसे विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर रवाना होने से पहले बीसीसीआई अध्यक्ष की उस बात का खंडन किया था जिसमें गांगुली ने कहा था कि उन्होंने विराट कोहली से T20 कप्तानी ना छोड़ने का व्यक्तिगत तौर पर आग्रह किया था। विराट कोहली और गांगुली के बीच अनबन की स्थिति दिखाई दे रही थी लेकिन आधिकारिक तौर पर दोनों में से किसी ने एक दूसरे के खिलाफ कुछ नहीं कहा है।

भारतीय क्रिकेट पर अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास?
हालांकि भारतीय क्रिकेट में उसके बाद इतनी चीजें हुई है जिसके बाद कोई भी ये कयास लगाने को मजबूर हो सकता है कि क्या सौरव गांगुली और नई चयन समिति भारतीय क्रिकेट पर अपनी पकड़ मजबूत करने का काम कर रहे हैं या नहीं।
पहले कोहली से वनडे कप्तानी छीन गई और फिर उन्होंने टेस्ट मैच से भी तुरंत कप्तानी छोड़ने का फैसला कर लिया। इन सब चीजों के चलते सौरव गांगुली पर कहीं ना कहीं उंगली उठी है। कुछ दिन पहले भी सौरव गांगुली की एक पिक्चर वायरल हुई थी जिसमें गांगुली विराट कोहली, जय शाह आदि के साथ बैठे हैं। बताया गया कि ये तस्वीरें सेलेक्शन मीटिंग की हैं जिसके बाद कयास लगे कि गांगुली सेलेक्शन मीटिंग अटेंड करते हैं ताकि चयनकर्ताओं पर दबाव डाला जा सके और उनको प्रभावित किया जा सके।

बकवास आरोपों पर क्या बोलूं- गांगुली
गांगुली ने आरोपों का जवाब देने की कोशिश की है और सभी आरोपों को बकवास बताया है। उन्होंने बताया है कि सोशल मीडिया पर जो तस्वीर नजर आई उसमें किसी तरह की कोई मीटिंग नहीं चल रही थी। सौरव गांगुली यह भी कहते हैं कि उन्हें अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देने के लिए किसी से कोई बात करने की आवश्यकता नहीं है।

याद दिलाया- मैंने 442 इंटरनेशनल मैच भारत के लिए खेले हैं
गांगुली ने सबको यह भी याद दिलाया कि उन्होंने भारत के लिए 400 से ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। एनडीटीवी के अनुसार गांगुली ने कहा- मुझे नहीं लगता कि मुझे किसी को भी कोई स्पष्टीकरण देने की जरूरत है क्योंकि यह सब आरोप निराधार है। मैं बीसीसीआई का अध्यक्ष हूं और जो भी मेरी नौकरी है उसके हिसाब से काम करूंगा। और इसके अलावा मैं आपको बता दूं की जो भी सोशल मीडिया पर पिक्चर आ रही है वह सिलेक्शन कमिटी की मीटिंग कि नहीं है। उस फोटो में जयेश जॉर्ज भी हैं जो सिलेक्शन कमिटी मीटिंग का हिस्सा नहीं है। मैंने 442 इंटरनेशनल मैच भारत के लिए खेले हैं।

जय शाह के साथ रिश्तों पर बात की
सौरव गांगुली ने इस दौरान बीसीसीआई सचिव जय शाह के साथ अपने रिश्ते के बारे में भी बात की। और बताया कि वह जय शाह के साथ बहुत अच्छे तालुकात रखते हैं और वे बहुत अच्छे दोस्त हैं और ऐसे सहकर्मी हैं जिन पर भरोसा किया जा सकता है। गांगुली कहते हैं- मैं, जय शाह, अरुण और जयेश मिलकर काम करते हैं ताकि कोविड-19 के चलते क्रिकेट में पिछले 2 साल से आ रही चुनौती का सामना किया जा सके। हम सुनिश्चित करते हैं कि क्रिकेट को इस मुश्किल परिस्थिति में बरकरार रखा जाए और उसके हिसाब से पिछले 2 साल काफी अच्छी गुजरे हैं और हमने एक टीम की तरह से काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications