8 महीने बाद इस राज पर से उठा पर्दा कि कोहली ने क्यों छोड़ी थी कप्तानी, जानिए पूरा घटनाक्रम
नई दिल्ली, अगस्त 04। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने पिछले साल नवंबर में टी20 विश्व कप खत्म होने के बाद भारतीय टीम की टी20 कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम दिसंबर-जनवरी में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई थी, जहां टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के हाथों टेस्ट सीरीज में 1-2 से हार गई थी। इसके बाद कोहली को टेस्ट और वनडे की कप्तानी से भी हटा दिया गया था। कोहली के अचानक कप्तानी छोड़ने के फैसले ने हर किसी को हैरान किया था और हर कोई जानना चाहता था कि कोहली ने ऐसा क्यों किया? अब कई महीनों के बाद बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया है कि आखिर कोहली ने कप्तानी क्यों छोड़ी थी?

कप्तानी छोड़ने का फैसला कोहली का खुद का था
बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने एक इंटरव्यू में बताया है कि विराट कोहली ने खुद फोन वनडे और टेस्ट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था, बस बीसीसीआई ने तो उनके फैसले का सम्मान किया था। धूमल ने बताया कि टी20 के बाद वनडे और टेस्ट की कप्तानी छोड़ने का फैसला विराट कोहली का खुद का था। उन्होंने फोन कर कहा था कि उन्हें अब कप्तानी नहीं करनी है। हो सकता है कि किसी को विश्व कप के बाद ऐसा करना सबसे अच्छा लगे, लेकिन यह कोहली का खुद का फैसला था।

कोहली कोई साधारण खिलाड़ी नहीं हैं- अरुण धूमल
अरुण धूमल ने इस दौरान विराट कोहली के फॉर्म को लेकर भी कहा है कि जहां तक उनके प्रदर्शन का सवाल है तो देखिए वो कोई साधारण खिलाड़ी नहीं हैं, वह एक महान खिलाड़ी हैं। भारतीय क्रिकेट में उन्होंने जो योगदान दिया है वो अद्वितीय है, इसलिए मीडिया में बीसीसीआई को लेकर जो बातें (बीसीसीआई कोहली को साइडलाइन करने की कोशिश कर रहा है) हमें प्रभावित नहीं करती। अरुण धूमल ने कहा कि हम चाहते हैं कि कोहली जल्द ही फॉर्म में लौट आएं, जहां तक उनके सेलेक्शन की बात है तो यह हम चयनकर्ताओं पर छोड़ देते हैं।

कोहली का फॉर्म बन गया है चिंता का विषय
आपको बता दें कि पिछले साल नवंबर के बाद से विराट कोहली के लिए क्रिकेट में कुछ भी अच्छा नहीं रहा है। टी20 विश्व कप में हार के बाद कोहली ने कप्तानी छोड़ी। फिर वो वनडे और टेस्ट के भी कप्तान नहीं रहे। इसके बाद उनका फॉर्म भी लगातार गिरता चला गया। आईपीएल के एक भी मैच में कोहली ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। इसके बाद जब इंटरनेशनल क्रिकेट शुरू हुआ तो उन्हें खेलने का मौका कम आराम ज्यादा दिया गया। ठीक आईपीएल के बाद कोहली को दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में आराम दिया गया था। इंग्लैंड दौरे पर कोहली टीम का हिस्सा थे, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हें फिर आराम दे दिया गया और 18 अगस्त से शुरू होने वाले जिम्बाब्वे दौरे पर भी कोहली टीम का हिस्सा नहीं होंगे।












Click it and Unblock the Notifications