BCCI ने गौतम, अगरकर और लक्ष्मण तीनों को बुलाया, टीम इंडिया में कुछ बड़ा होने वाला है?
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए हालिया विदेशी दौरे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। आयरलैंड और इंग्लैंड में टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इसकी समीक्षा करने का फैसला किया है। गुरुवार को मुंबई में होने वाली बैठक में टीम इंडिया के भविष्य की रणनीति पर अहम चर्चा होगी।
इस बैठक में हेड कोच गौतम गंभीर, चयन समिति के चेयरमैन अजित अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण शामिल होंगे। बोर्ड इन विदेशी दौरों पर टीम के प्रदर्शन के साथ-साथ आने वाले समय की तैयारियों पर भी चर्चा करेगा। भारत को इस साल के अंत में न्यूजीलैंड का दौरा करना है, जबकि 2027 वनडे वर्ल्ड कप भी अब ज्यादा दूर नहीं है।

फिटनेस की समस्या पर बातचीत
भारत की हार से ज्यादा चिंता खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर है। पिछले कुछ समय में कई अहम खिलाड़ी चोट के कारण टीम से बाहर हुए हैं। जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर तो एक ऐसा मामला भी सामने आया, जब चयन समिति को उनकी उपलब्धता की सही जानकारी नहीं थी। वॉशिंगटन सुंदर भी फिटनेस समस्या के कारण बाहर हुए, जबकि साई सुदर्शन की वापसी में उम्मीद से ज्यादा समय लगा। इस समस्या से निपटने के उपायों के बारे में बोर्ड निश्चित तौर से बात करने वाला है।
अगरकर के भविष्य पर होगा फैसला?
एक और खास बात अजीत अगरकर को लेकर भविष्य की योजना भी है। अगरकर का कार्यकाल सितंबर में ही खत्म हो रहा है, ऐसे में बोर्ड को उन्हें विस्तार देने के बारे में भी सोचना है। अगर ऐसा होता है, तो वहवनडे वर्ल्ड कप तक सलेक्टर बने रहेंगे।
वर्कलोड और हार्दिक पांड्या पर चर्चा संभव
IPL में खिलाड़ियों के वर्कलोड का मुद्दा भी बैठक में उठ सकता है। टीम मैनेजमेंट पहले ही BCCI के सामने खिलाड़ियों की फिटनेस और पूरी क्षमता से उपलब्ध नहीं होने को लेकर चिंता जता चुका है। बैठक में हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर भी खास नजर रहेगी। चयनकर्ता उन्हें 2027 वर्ल्ड कप की योजना का हिस्सा मान रहे हैं, लेकिन फिलहाल वह वनडे में 5-6 ओवर से ज्यादा गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
