BCCI कर सकता है साहा से सवाल, द्रविड़, गांगुली की बात करके कॉन्ट्रेक्ट के नियमों को क्यों तोड़ा
नई दिल्ली, 25 फरवरी: बीसीसीआई अपने अनुभवी विकेटकीपर रिद्धिमान साहा से सवाल पूछ सकता है। साहा ने भारतीय टीम से निकाले जाने के बाद अजीब हरकत करते हुए गांगुली और द्रविड़ जैसे दिग्गजों पर निशाना साधा था। साहा की प्रतिक्रिया इस प्रकार थी मानों वे एक बहुत बड़े कद के खिलाड़ी हों और पूरी तरह से टीम में शामिल होना डिजर्व करते हों। अब बोर्ड उनकी हालिया नाराजगी के बारे में पूछेगा क्योंकि यह प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। यह एक सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने वाले क्रिकेटर द्वारा नियमों के पालन ना किए जाने का मामला है।

साहा केंद्रीय अनुबंध में ग्रुप बी में हैं और बोर्ड से साल के 3 करोड़ रुपए लेते हैं। कॉन्ट्रेक्ट में एक क्लॉज 6.3 है, जिसका स्पष्ट रूप से उन्होंने उल्लंघन किया है।
खिलाड़ियों के केंद्रीय अनुबंध के खंड 6.3 में कहा गया है: "खिलाड़ी खेल, अधिकारियों, खेल में हुई घटनाओं, तकनीक के उपयोग, चयन मामलों या खेल से संबंधित किसी भी अन्य मामले के बारे में कोई टिप्पणी नहीं करेगा।
साहा ने मीडिया में जो कहा है, वे उनके चयन और मुख्य कोच राहुल द्रविड़, मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के साथ उनकी निजी बातचीत के बारे में हैं।
37 वर्षीय का अंतरराष्ट्रीय करियर अब लगभग समाप्त हो गया है क्योंकि यह खुलासा साहा द्वारा ही सामने आ चुका है कि टीम मैनेजमेंट उनको संन्यास लेने के बारे में बोल चुका है। साहा ने उबाल खाते हुए मीडिया के सामने सारी बात रख दी। इसके बाद वह पत्रकारों के लिए हॉट केक बन गए और एक पत्रकार ने तो मामले पर अपना करियर चमकाने के लिए साहा का जबरदस्ती इंटरव्यू करने पर तुल गया था। बाद में इंटरव्यू ना मिलने पर वह आपा खो बैठा। हालांकि अब सब जान चुके हैं कि ज्यादा बोलने वाला यह पत्रकार कौन है पर नाम आधिकारिक तौर पर उजागर नहीं हुआ है।
यहां तक कि बीसीसीआई ने साहा से पत्रकार का नाम लेने के लिए कहा था लेकिन साहा ने मुंह पर अंगुली रखकर चुप्पी साधी हुई है। फिलहाल बीसीसीआई स्पष्ट रूप से साहा की टिप्पणियों से नाखुश है क्योंकि उन्होंने द्रविड़ के साथ एक निजी बातचीत को सार्वजनिक किया और बीसीसीआई अध्यक्ष द्वारा भेजे गए एक पर्सनल मैसेज के बारे में भी बात की।
अरुण धूमल ने पीटीआई से कहा, 'हां, इस बात की संभावना है कि बीसीसीआई रिद्धिमान से पूछ सकता है कि एक केंद्रीय अनुबंधित क्रिकेटर होने के नाते उन्होंने चयन के मामलों पर कैसे बात की।
"जहां तक बोर्ड अध्यक्ष का सवाल है, उन्होंने उन्हें प्रेरित करने की कोशिश की थी। बोर्ड शायद यह जानना चाहेगा कि कोच द्रविड़ के साथ ड्रेसिंग रूम में हुई बातचीत को आखिर उन्होंने सार्वजनिक क्यों किया।"
तो क्या बीसीसीआई औपचारिक कारण बताओ नोटिस देगा या मौखिक रूप से इस मुद्दे के बारे में पूछेगा?
उन्होंने कहा, "हमने अभी तक इस मामले पर फैसला नहीं किया है। हम सभी व्यस्त हैं, लेकिन कुछ दिनों में फैसला किया जाएगा।"
बीसीसीआई में कई लोगों का मानना है कि साहा को द्रविड़ के साथ अपनी बातचीत को सार्वजनिक करने से बचना चाहिए था क्योंकि इससे निश्चित रूप से उनकी छवि को थोड़ा नुकसान पहुंचा है।












Click it and Unblock the Notifications