RCB के जश्न में 11 फैंस ने गंवाई थी जान, हादसे के बाद आखिरकार BCCI ने ले लिया बड़ा एक्शन
Bengaluru stampede, BCCI Action: बेंगलुरु में 3 जून को एक बड़ी भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद विजय जुलूस निकाला। इस दुखद घटना के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा कदम उठाया है। इस घटना के बाद से ही बीसीसीआई की जमकर आलचनाएं हो रही थी।
बीसीसीआई ने उठाया बड़ा कदम (Bengaluru stampede, BCCI Action)
बीसीसीआई ने इस मामले की जांच और भविष्य के कार्यक्रमों को सुरक्षित बनाने के लिए एक तीन सदस्यीय समिति बनाई है। इस समिति का नेतृत्व बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया करेंगे। उनके साथ प्रभतेज सिंह भाटिया और राजीव शुक्ला को भी समिति में शामिल किया गया है। बीसीसीआई ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि यह समिति 15 दिनों के अंदर नए सुरक्षा दिशानिर्देश तैयार करेगी।

बनाई जाएंगी नई गाइडलाइन
इन दिशानिर्देशों में खासतौर पर सार्वजनिक सुरक्षा और बड़े समारोहों के आयोजन से जुड़े नियमों पर ध्यान दिया जाएगा। ट्रॉफी समारोह जैसे कार्यक्रमों के लिए भी स्पष्ट गाइडलाइन बनाई जाएंगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। घटना के बाद कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के दो अधिकारियों - सचिव ए शंकर और कोषाध्यक्ष ईएस जयराम ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था।
भगदड़ से हुई थी फैंस की मौत
3 जून को हुए जुलूस में भारी भीड़ जुटी थी, लेकिन आयोजन प्रबंधन सही ढंग से नहीं किया गया, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। अब सभी की नजर इस बात पर है कि BCCI की समिति अपनी जांच में RCB को इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराएगी या नहीं। साथ ही, यह भी देखा जाएगा कि नए बनाए गए नियमों के तहत आयोजनों में क्या बदलाव किए जाते हैं।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि बड़े खेल आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण बेहद जरूरी है। बीसीसीआई की यह पहल भविष्य में सुरक्षित और बेहतर आयोजन सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications