Asia Cup 2023: आज पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे BCCI के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, ये है जाने की मुख्य वजह
Asia Cup 2023: बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। बीसीसीआई चीफ और वाइस प्रेसिडेंट एशिया कप के कुछ मैच देखने के लिए आज पाकिस्तान रवाना होंगे। रिपोर्ट के अनुसार दोनों अधिकारी 4-7 सितंबर तक लाहौर में रहेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजर बिन्नी और राजीव शुक्ला द्वारा निमंत्रण स्वीकार करने के बाद भारतीय बोर्ड ने इन दोनों दिग्गजों को 3 दिन के पाकिस्तान दौरे के लिए मंजूरी दे दी है। बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला 4-7 सितंबर तक लाहौर में रहेंगे, इस दौरान वे एशिया कप के कुछ मैच देखेंगे।

बिन्नी और शुक्ला को रात्रिभोज के लिए किया आमंत्रित
दरअसल, बिन्नी और शुक्ला को 4 सितंबर को लाहौर के गवर्नर हाउस में पीसीबी द्वारा आयोजित होने वाले आधिकारिक रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया गया है। दोनों अधिकारी अपनी-अपनी पत्नियों के साथ रात्रिभोज में शामिल होंगे। इसके अलावा बीसीसीआई के दो गणमान्य व्यक्ति 5 सितंबर को अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका मैच और अगले दिन पाकिस्तान का शुरुआती सुपर फोर मैच देखेंगे।
बोर्ड ने क्यों लिया यह निर्णय?
टाइम्स नाऊ ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि बोर्ड सेक्रेटरी जय शाह एशियाई क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष हैं। पाकिस्तान इवेंट की मेजबानी कर रहा है, ऐसे में पाक बोर्ड को इस तरह अलग-थलग छोड़ना ठीक नहीं था। इस वजह से बीसीसीआई अध्यक्ष और उपाध्यक्ष वहां जा रहे हैं।
द्विपक्षीय सीरीज पर नहीं होगी कोई बात?
सूत्र का यह भी कहना है कि बोर्ड के प्रतिनिधि वहां जा रहे हैं लेकिन किसी भी तरह की द्विपक्षीय सीरीज पर बात नहीं होगी क्योंकि यह सरकार की अनुमति पर निर्भर करता है। हम इस बात को लेकर पूरी तरह से स्पष्ट हैं। सूत्र के अनुसार वाघा बॉर्डर से 4 सितम्बर को बोर्ड के अधिकारी वहां पहुंचेंगे। इसी दिन पंजाब गवर्नर द्वारा आयोजित डिनर में वे जाएंगे।
वाघा बॉर्डर के रास्ते जाएंगे पाकिस्तान
बाद में रोजर बिन्नी ने टाइम्स ऑफ़ इंडिया से बातचीत में पुष्टि करते हुए कहा कि उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और मैं वाघा बॉर्डर से 4 सितम्बर को पाकिस्तान जाएंगे। आधिकारिक डिनर के अलावा हम वहां कुछ मुकाबले भी देखेंगे। भारतीय बोर्ड के अधिकारी 4 से 7 सितम्बर के बीच पाकिस्तान में रहेंगे। लाहौर में अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच को देखने के लिए भी दोनों अधिकारी जा सकते हैं। यह मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 5 सितम्बर को खेला जाना है।
दरअसल, दोनों पड़ोसियों (भारत-पाक) के बीच तनावपूर्ण राजनयिक संबंधों के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट लंबे समय से नहीं खेला गया है। दोनों टीमें केवल आईसीसी और महाद्वीपीय आयोजनों में एक-दूसरे के साथ खेलती हैं और पाकिस्तान इस साल के अंत में एकदिवसीय विश्व कप के लिए भारत की यात्रा करने वाला है। ऐसे में दोनों अधिकारियों का जाना और भी जरूरी हो जाता है।












Click it and Unblock the Notifications