रोहित-कोहली को लेकर BCCI ने तोड़ी चुप्पी, क्या है बोर्ड का फैसला? कब होंगे दोनों दिग्गज रिटायर
Rohit and Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर काफी बयानबाजी देखने को मिल रही है। उनके रिटायरमेंट की अटकलें भी लग रही हैं। इस बीच बीसीसीआई की तरफ से इस मामले को लेकर अहम प्रतिक्रिया सामने आई है।
बीसीसीआई ने रोहित और कोहली के संन्यास को लेकर अपना रुख साफ़ कर दिया है। बोर्ड ने बताया है कि भारत के ये स्टार खिलाड़ी कब तक खेलेंगे। एक टॉक शो में बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस मामले पर स्थिति स्पष्ट की है।

कब तक खेलेंगे रोहित-कोहली
उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही अभी वनडे खेलते रहेंगे, जब वो अभी खेल ही रहे हैं, तो विदाई की बातें क्यों हो रही हैं? आप लोग अभी से चिंता क्यों कर रहे हैं? हमारी नीति बिल्कुल स्पष्ट है। BCCI कभी भी किसी खिलाड़ी को रिटायर होने के लिए नहीं कहती। यह फैसला खिलाड़ी को खुद ही लेना होता है।
राजीव शुक्ला ने यह भी कहा कि जब समय आएगा तब बताया जाएगा कि इसे कैसे पार करना है। आप लोग अभी विदाई की बातें कर रहे हैं, कोहली फिट हैं और खेल रहे हैं। रोहित शर्मा भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, इसलिए आप लोग क्यों रिटायरमेंट की बातें कर रहे हैं।
गौरतलब है कि रोहित शर्मा और कोहली ने अंतिम बार भारत के लिए इसी साल दुबई में चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल मैच खेला था। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद दोनों आईपीएल में खेले थे और टेस्ट से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी थी।
कप्तान बदलने की भी चर्चा
रोहित शर्मा की जगह आने वाले समय में वनडे कप्तान को लेकर भी चर्चा देखने को मिल रही है। हाल ही में खबरें आई थीं कि श्रेयस अय्यर को रोहित की जगह कप्तान बनाया जाएगा। हालांकि बाद में रिपोर्ट्स सामने आई कि बीसीसीआई की ऐसी कोई योजना नहीं है। रोहित और कोहली को लेकर स्थिति आने वाले समय में साफ़ हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications