IND W vs BAN W: बांग्लादेश का जबरदस्त कमबैक, 34 रनों पर 6 विकेट लेकर टाई किया तीसरा वनडे मैच
India Women tour of Bangladesh 2023: भारतीय महिला क्रिकेट टीम बांग्लादेश के खिलाफ तीसरा वनडे मैच जीतने से अपनी गलतियों के चलते हार गई। ढाका के शेरे बंग्ला नेशनल स्टेडियम में हुए मैच में मेजबान टीम ने जबरदस्त कमबैक किया है।
बांग्लादेश ने इस मुकाबले में 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम अंतिम 6 विकेट केवल 34 रनों के स्कोर पर गंवा दिए। (Image- Bangladesh Cricket Twitter)

भारत एक समय बांग्लादेश को रौंदने की स्टाइल में आगे बढ़ रहा था, लेकिन बाद में जैसे तोहफे में उन्होंने मैच बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम को भेंट कर दिया। एक ही ओवर में हरलीन और दीप्ति के रन आउट ने मैच का रुख पलटने का काम किया।
इन दो रन आउट से पहले भारत 4 विकेट के नुकसान पर 41.1 ओवर में 191 रन बना चुका था। लेकिन इसके बाद गाड़ी ऐसी पटरी से उतरी कि मैच टाई हो गया। हालांकि इस दौरान जेमिमा रोड्रिग्स ने अंत तक कोशिश की और नाबाद 33 रन बनाए।
जेमिमा अंतिम पलों में स्ट्राइक को ज्यादा से ज्यादा अपने पास नहीं रख पाईं। मेघना सिंह अंतिम बल्लेबाज थी और उन्होंने 7 गेंदों पर 6 रन बनाकर भारत को हार से बचाने का जो काम किया है उसके लिए उनकी सराहना होनी चाहिए, लेकिन कहीं ना कहीं जेमिमा बांग्लादेश की कसी हुई गेंदबाजी के सामने भारत को विजयी रन दिलाने का मौका भी चूक गईं।
ये भी पढ़ें- जानिए क्या है ICC Women's Championship टूर्नामेंट, जहां भारत और बांग्लादेश के बीच तीसरा मैच हो गया टाई
इससे पहले भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने 85 गेंदों पर 59, हरलीन देओल ने 108 गेंदों पर 77 रनों की बढ़िया पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से नाहिदा अख्तर ने 10 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
इससे पहले बांग्लादेश ने ओपनिंग बल्लेबाज फरगाना हक की 160 गेंदों पर 107 रनों की पारी के ईर्द-गिर्द अपनी बल्लेबाजी बुनी। दूसरी ओपनिंग बल्लेबाज शामिमा सुल्ताना ने भी 78 गेंदों पर 52 रनों का बढ़िया योगदान दिया।
भारत ने इस सीरीज का पहला मैच हारने के बाद दूसरे मैच में वापसी की थी। तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने पलटवार करके मैच को टाई कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications