Ashes 2023, ENG vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने 43 रनों से मैच जीत सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त
Ashes 2023, 2nd Test, Day 5 Live: लॉर्ड्स में इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया के दूसरे एशेज टेस्ट के पांचवें दिन का मैच समाप्त हो चुका है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने दूसरे एशेज टेस्ट में इंग्लैंड को 43 रन के अंतर से हराकर जीत दर्ज कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ ही सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
दूसरे टेस्ट मैच के 5वें दिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए हर संभव कोशिश की, लेकिन उनका हर प्रयास नाकाम साबित हुआ। बेन स्टोक्स की 155 रन की यागदार शतकीय पारी ने टीम को जीत के काफी करीब पहुंचा दिया। इसके अलावा बेन डकेट ने भी 83 रनों की जबरदस्त पारी खेलकर स्कोर बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

इंग्लैंड के लिए सबकुछ ठीक चल रहा था, तभी जोश हेजलवुड ने बेन स्टोक्स का महत्वपूर्ण विकेट गिरा दिया। बस यहीं से मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी कर ली, और स्टोक्स के बाद ऑली रॉबिन्सन और ब्रॉड का विकेट लेकर मजबूत स्थिति में पहुंच गई। मिचेल स्टार्क ने जोश टोंग्यू का आखिरी विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में 2-0 से आगे कर दिया।
एक समय ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड खेल में पूरी तरह से पिछड़ गया है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इंग्लैंड ने जीत के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी, लेकिन उन्होंने आखिर में दम तोड़ दिया। स्टोक्स की एक शानदार पारी बेकार चली गई। पैट कमिंस पूरे दिन अपनी योजनाओं पर कायम रहे और एक बड़ी जीत हासिल की। नाथन लियोन के रूप में अपने एक प्रमुख गेंदबाज की अनुपस्थिति के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन किया और दिखाया कि वह विश्व टेस्ट चैंपियन क्यों है।
ऑस्ट्रेलिया ने एजबेस्टन के बाद लॉर्ड्स टेस्ट में दूसरी जीत दर्ज कर ली है। इसके साथ ही सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। एशेज सीरीज का तीसरा मुकाबला 6 जुलाई को लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेला जाएगा, जोकि निर्णायक मुकाबला होगा।












Click it and Unblock the Notifications