Asia Cup 2025: भारत-पाकिस्तान मैच पर आया सुप्रीम कोर्ट का फैसला, खेला जाएगा मुकाबला या होगा रद्द?
Asia Cup 2025: एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर देश में काफी विरोध देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर इस मैच का बहिष्कार करने की बातें भी सामने आ रही हैं और इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दाखिल की गई थी।
इस मामले को एलएलबी की कुछ छात्राएं लेकर गई थीं, इससे यह जिज्ञासा पैदा हुई कि आगे क्या होगा। मुकाबला रद्द कर दिया जाएगा या तय कार्यक्रम के अनुसार ही आगे बढाया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को तत्काल सुनने से मना कर दिया है। जस्टिस केके माहेश्वरी और विजय बिश्नोई की पीठ ने याचिकाकर्ता से कहा कि यह सिर्फ एक मैच ही तो है, होने दीजिए। इसमें इतनी जल्दीबाजी क्यों है। मुकाबला रविवार को ही है, तो अब क्या किया जा सकता है। याचिकाकर्ता ने कहा कि मेरा मामला कमजोर है लेकिन इसे लिस्ट तो किया जाना चाहिए। इस पर कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से मना कर दिया।
याचिका में बताया गया कि पहलगाम आतंकी हमले को देखते हुए पाकिस्तान से मुकाबला खेलना देशहित के खिलाफ है। इससे शहीद सैनिकों और मारे नागरिकों के बलिदान का अपमान बताते हुए मैच रद्द करने की मांग की गई थी लेकिन कोर्ट ने सुनवाई से पहले ही मामला निपटा दिया। गौरतलब है कि यह याचिका लॉ स्टूडेंट उर्वशी जैन और तीन अन्य छात्राओं ने लगाई थी।
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर बीसीसीआई ने पहले ही स्थिति साफ़ करते हुए कहा था कि पाक से मैच नहीं खेलने पर भारत के ऊपर वैश्विक इवेंट्स में प्रतिबंध लग सकता है। उसे देखते हुए आईसीसी और एशियन क्रिकेट काउंसिल के मुकाबले खेलने की अनुमति सरकार से है। द्विपक्षीय सीरीज में दोनों देश नहीं खेलेंगे।
एशिया कप में भारत और पाक के बीच मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया का पलड़ा भारी है। बुधवार को भारत ने यूएई को 57 पर आउट करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की थी। टीम इंडिया के लिए कुलदीप यादव ने इस मुकाबले में 4 विकेट अपने नाम किये थे।












Click it and Unblock the Notifications