Asia Cup 2025: श्रेयस अय्यर vs सिलेक्टर, आखिर ये इंतजार कब तक चलेगा? फैंस के बीच छिड़ी नई बहस
Asia Cup 2025 squad Shreyas Iyer: भारत की एशिया कप 2025 की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान 19 अगस्त यानी मंगलवार को कर दिया गया। टीम की घोषणा के बाद एक नाम को लेकर चर्चाओं का माहौल गर्म है। भारतीय टीम के लिए पिछले कुछ समय से लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले श्रेयस अय्यर को एक बार फिर नजर अंदाज किया गया है। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अय्यर को लेकर सवाल पूछ रहे हैं।
बल्ले से लगातार रन बना रहे हैं अय्यर (Asia Cup 2025 squad Shreyas Iyer)
एशिया कप के लिए घोषित की गई टीम में सबसे बड़ा सवाल है कि श्रेयस अय्यर कहां हैं? न सिर्फ मुख्य टीम से, बल्कि रिजर्व खिलाड़ियों में भी उनका नाम नहीं है। यह बात कई फैंस के लिए चौंकाने वाली रही, खासकर तब जब अय्यर ने इस साल आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया। श्रेयस ने आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के कप्तान के रूप में टीम को फाइनल तक पहुंचाया और 604 रन बनाए, औसत 50.33 और स्ट्राइक रेट 175.07 रहा।

आखिर कब तक करना होगा इंतजार
आईपीएल के उनके यह आंकड़े टॉप-10 रन स्कोरर्स में सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ थे। उन्होंने यह भी दिखाया कि वे स्पिन और शॉर्ट बॉल दोनों के खिलाफ निपुण हो चुके हैं। फील्डिंग और कप्तानी में भी वे भरोसेमंद नाम हैं। तो फिर इतनी सारी खूबियों के बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें क्यों नजरअंदाज किया? अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह बाहर हैं। यह उनकी या हमारी गलती नहीं है। उन्हें मौका का इंतजार करना होगा। लेकिन यह इंतजार कितना लंबा होगा? यह बड़ा सवाल है।
ये हो सकती है वजह
दरअसल, टीम मैनेजमेंट का फोकस ऐसे खिलाड़ियों पर है जो मल्टी-स्किल्ड हों। यही कारण है कि रिंकू सिंह (जो बाएं हाथ के बल्लेबाज और पार्ट-टाइम ऑफ-स्पिनर हैं) और रिजर्व में रियान पराग (जो स्पिन गेंदबाजी कर सकते हैं) को प्राथमिकता मिली। जबकि श्रेयस एक स्पेशलिस्ट बल्लेबाज हैं और उनकी पसंदीदा पोजीशन नंबर 3 और 4 पहले से ही सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के पास है।
अय्यर के पास है भरपूर काबिलियत
अगले छह महीने में भारत को 15 टी-20 मुकाबले खेलने हैं, जिनमें दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज शामिल हैं। यह मुकाबले वर्ल्ड कप से पहले चुने गए खिलाड़ियों को अजमाने का मौका देंगे। ऐसे में अय्यर की वापसी फिलहाल मुश्किल दिख रही है, जब तक कोई बड़ा बदलाव न हो। फिलहाल इतना तय है कि श्रेयस अय्यर के पास हुनर और क्लास की कमी नहीं है, लेकिन टीम कॉम्बिनेशन में फिट बैठना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications