IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मैच पर सरकार ने तोड़ी चुप्पी! क्या एशिया कप में होगा मुकाबला? हो गया फैसला
Asia Cup 2025 IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते हमेशा संवेदनशील रहे हैं। राजनीति, सुरक्षा और कूटनीति के अलावा खेल भी इन दोनों देशों के संबंधों का अहम हिस्सा है। भारत सरकार ने गुरुवार यानी 21 अगस्त को एक नई खेल नीति की घोषणा की है, जिसमें पाकिस्तान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों पर साफ रुख पेश किया गया है।
क्या एशिया कप में होगा मैच? (Asia Cup 2025 IND vs PAK)
इस नीति के मुताबिक भारतीय टीमें अब भी उन मल्टीनेशनल टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेंगी, जिनमें पाकिस्तान भी खेल रहा होगा, लेकिन दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज पूरी तरह से बंद रहेगी। खेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत एशिया कप 2025 में हिस्सा लेगा। यह टूर्नामेंट 9 सितंबर से यूएई में शुरू होगा और 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। सूत्रों के मुताबिक इस बार दोनों टीमें तीन बार तक आमने-सामने हो सकती हैं।

सरकार ने किया साफ
मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भारत का खेलों को लेकर रुख उसकी समग्र विदेश नीति को दर्शाता है। पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं होगी, न ही भारतीय टीमें पाकिस्तान जाएंगी और न ही पाकिस्तान की टीमें भारत आएंगी। हालांकि, मल्टीनेशनल टूर्नामेंट जैसे एशिया कप या वर्ल्ड कप में भारत हिस्सा लेगा क्योंकि ये अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों के नियमों के तहत आते हैं।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद हो रहा था विरोध
इस फैसले के बाद लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लग गया। हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि भारत एशिया कप से हट सकता है। अगर ऐसा होता, तो टूर्नामेंट रद्द होने की नौबत आ सकती थी। दिलचस्प बात यह है कि 2023 में भारत ने पाकिस्तान जाकर एशिया कप खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद 'हाइब्रिड मॉडल' अपनाया गया और भारत के मैच श्रीलंका में हुए। अब भी यही व्यवस्था जारी रहेगी।
14 सितंबर को होगा भारत-पाक मैच
सरकार का मानना है कि खिलाड़ियों के हित में मल्टीनेशनल इवेंट्स को रोका नहीं जा सकता। हालांकि, किसी भी सूरत में पाकिस्तान को भारतीय जमीन पर खेलने की अनुमति नहीं मिलेगी। यह नीति 2027 तक लागू रहेगी और अन्य खेलों के लिए भी यही नियम अपनाया जाएगा। अब सबकी नजरें 14 सितंबर पर हैं, जब भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला एक बार फिर क्रिकेटप्रेमियों का दिल जीतने को तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications