SL vs BAN: डेब्यू करते ही शर्मनाक रिकॉर्ड, बांग्लादेश का खिलाड़ी इस खराब क्लब में शामिल
Asia Cup, SL vs BAN: श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप के मुकाबले में बांग्लादेश के लिए तंजिद हसन को डेब्यू करने का मौका मिला। हालांकि योजना के अनुसार चीजें नहीं चली। बांग्लादेश की टीम को इस फैसले का फायदा भी नहीं हुआ लेकिन तंजिद के नाम अनचाहा रिकॉर्ड बन गया।
मोहम्मद नईम के साथ बतौर ओपनर खेलने के लिए आए तंजिद हसन काफी नर्वस लग रहे थे। वह क्रीज पर आते ही आउट होकर चलते बने। महेश तीक्ष्णा की गेंद पर उनको पवेलियन जाना पड़ा। अहम बात यह भी है कि वह महज 2 गेंदों का सामना करते हुए आउट हो गए। खाता तक नहीं खोल पाए।

पारी के दूसरे ही ओवर में आउट होकर तंजिद ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह डेब्यू वनडे में जीरो पर आउट होने वाले चौथे बांग्लादेशी ओपनर बल्लेबाज बन गए। इसके अलावा ओवरऑल बांग्लादेशी बल्लेबाजों में वह ऐसे सोलहवें बल्लेबाज बन गए, जो डेब्यू में जीरो पर आउट हुए।
तंजिद से पहले तीन अन्य ओपनर भी डेब्यू के दौरान जीरो रन बनाकर आउट हुए थे। इनमें हरुनुर राशिद का नाम शामिल है। 1998 में भारतीय टीम के खिलाफ डेब्यू में वह बिना खाता खोले चलते बने। नुरुल आबेदीन पाकिस्तान के खिलाफ 1986 में बगैर खाता खोले आउट हुए थे। उनके अलावा रफीकुल इस्लाम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2002 में जीरो पर आउट हुए थे।
श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने पारी के दूसरे ही ओवर में महेश तीक्ष्णा पर भरोसा जताया और उनको नई गेंद थमा दी। कप्तान को तीक्ष्णा ने निराश नहीं किया। उन्होंने कैरम बॉल डालते हुए तंजिद को चकमा दिया। गेंद उनके पैड से लगी और अम्पायर ने अपील होने पर आउट दिया।
कुछ खिलाड़ियों के चोटिल होने की वजह से बांग्लादेश का टीम मैनेजमेंट एशिया कप के लिए बांग्लादेश की टीम में कुछ युवा नाम शामिल करना चाहता था। तंजिद को भी इस वजह से टीम का हिस्सा बनाया गया था लेकिन वह डेब्यू में प्रभाव नहीं छोड़ पाए। तंजिद की उम्र 22 वर्ष है।












Click it and Unblock the Notifications