Asia Cup Points Table: फाइनल में पहुंचा भारत, जानें श्रीलंका-पाकिस्तान का हाल, देखें लेटेस्ट प्वाइंट्स टेबल
Asia Cup 2023 Super 4 Points Table: भारतीय टीम ने मंगलवार को सुपर फोर मुकाबले में श्रीलंका को 41 रन से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। कप्तान रोहित शर्मा की अर्धशतकीय पारी ने टीम का स्कोर 213 रन पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं मैच में एक बार फिर कुलदीय यादव की घातक गेंदबाजी देखने को मिली, गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से श्रीलंका को 41.3 ओवर में 172 रन पर ढेर कर दिया।
प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर टीम इंडिया
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए रोहित शर्मा 53 रनों की पारी के साथ हाईएस्ट रन स्कोरर रहे। श्रीलंका पर जीत से भारत को चार अंकों के साथ अंक तालिका में पहला स्थान बरकरार रखने में मदद मिली, हालांकि उनका नेट रन रेट (NRR) कम होकर +2.690 हो गया। मंगलवार को मिली हार के बावजूद श्रीलंका दो अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बरकरार है। उनका एनआरआर -0.200 है।

तीसरे स्थान पर पाकिस्तान
वहीं पाकिस्तान दो अंकों और -1.892 के एनआरआर के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि बांग्लादेश दो मैचों में शून्य अंकों के साथ तालिका में सबसे निचले स्थान पर है।
बांग्लादेश फाइनल की रेस से लगभग बाहर
पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मैच का विजेता टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचेगा। इसका मतलब यह है कि बांग्लादेश फाइनल की रेस से लगभग बाहर हो गया है। यदि श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच मैच बारिश के कारण धुल जाता है, तो श्रीलंका बेहतर नेट रन रेट के आधार पर फाइनल में पहुंच जाएगा।
श्रीलंका के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजी का खराब प्रदर्शन देखने को मिला, यहां कप्तान रोहित के अलावा कोई भी बल्लेबाज 50 का आंकड़ा नहीं छू सका। रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने आए शुभमन गिल 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने टीम को ठोस शुरुआत दिलाई।
इस मुकाबले के लिए मैन ऑफ द मैच चुने गए श्रीलंका के दुनिथ वेलाल्गे ने अपने शुरुआती तीन ओवर में शुभमन गिल, विराट कोहली (3) और रोहित शर्मा को आउट कर भारतीय टीम पर दबाव बना दिया। रोहित और गिल के बाद केएल राहुल (39) और ईशान किशन (33) ने चौथे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की, और आखिर में अक्षर पटेल ने 26 रन का योगदान दिया।
भारत की ओर से सबसे ज्यादा चार विकेट कुलदीप यादव ने चटकाए, जबकि जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। वहीं श्रीलंका के लिए वेलाल्गे ने पांच विकेट लिए और चरिथ असलंका ने चार विकेट चटकाए। इसके अलावा एक विकेट महीश तीक्ष्णा के खाते में गया।












Click it and Unblock the Notifications