Asia Cup 2023: 'रोहित शर्मा को स्टार धोनी ने बनाया', ये क्या बोल गए गौतम गंभीर, जानिए पूरा मामला
Asia Cup 2023: एशिया कप 2023 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है, ऐसे में हर भारतीय उम्मीद कर रहा है कि टीम इंडिया के कैप्टन रोहित शर्मा बतौर कप्तान दूसरी बार ये ट्रॉफी लिफ्ट करें तो वहीं इसी बीच अपने बयानों की वजह से हमेशा लोगों के बीच चर्चा का विषय रहने वाले भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसे सुनने के बाद हर कोई हैरान रह गया।

दरअसल इन दिनों एशिया कप की कमेंट्री कर रहे गौतम गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स के प्रोग्राम क्रिकेट लाइव में रोहित शर्मा के बारे में बात करते हुए कहा कि 'आज रोहित शर्मा जो स्टार बने हैं, उसका क्रेडिट महेंद्र सिंह धोनी को जाता है।'
रोहित आज धोनी के चलते ही रोहित शर्मा बने
'सच तो ये ही है कि रोहित शर्मा आज महेंद्र सिंह धोनी के चलते ही रोहित शर्मा बने हैं, एमएस ने उन्हें शुरुआती वक़्त में खूब बैक किया, जब वह स्ट्रगल कर रहे थे।'
गंभीर ने की धोनी-रोहित की तारीफ, फैंस खुश
गौतम गंभीर के मुंह से महेंद्र सिंह धोनी की इस तरह से तारीफ सुनकर निश्चित तौर पर माही के चाहने वालों को अचरज भी लगा होगा और वो बहुत ज्यादा खुश भी हुए होंगे तो वहीं दूसरी ओर ये बातें रोहित शर्मा के फैंस को भी अच्छी लगी होंगी।
धोनी ने करवाई रोहित शर्मा से ओपनिंग
वैसे गंभीर ने ये बात इसलिए कही क्योंकि रोहित शर्मा अपने शुरुआती दौर में टीम के मिडिल आर्डर में खेलते थे लेकिन धोनी ने उनसे ओपन करवाना शुरू किया, शुरुआत में बतौर ओपनर उतने सफल नहीं रहे और कुछ लोगों की आलोचना के भी शिकार रहे लेकिन धोनी उन्हें लगातार मौका देते ही रहे और नतीजा ये हुआ कि रोहित शर्मा आज केवल भारत के ही नहीं बल्कि विश्व के टॉप ओपनर्स में एक हैं।
ओपनर के तौर पर 10,000 से ज्यादा रन
ओपनर के तौर पर रोहित ने 10,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। धोनी ने साल 2013 में सबसे पहले इंग्लैंड के खिलाफ हुई सीरीज में उनसे ओपन करवाया था, जिसके पहले वो अपने फार्म से जूझ रहे थे लेकिन धोनी तो धोनी हैं, उन्हें रिस्क लेना आता था और उन्होंने लिया और रोहित शर्मा ने उन्हें निराश नहीं किया, उस सीरीज के चौथे वनडे में रोहित ने 93 गेंदों पर 83 रन बनाए थे और उस मैच में गंभीर भी थे जो कि सस्ते में आउट हुए थे।
गौतम गंभीर और महेंद्र सिहं धोनी के बीच कोल्ड वॉर
दरअसल क्रिकेट के गलियारों में हमेशा दबी जुबान में कहा जाता है कि गौतम गंभीर और महेंद्र सिहं धोनी के बीच कोल्ड वॉर चलता था लेकिन दोनों ने सार्वजनिक रूप से इस बारे में कुछ कभी कहा नहीं।
गौतम गंभीर सोशल मीडिया पर चर्चित
लेकिन गंभीर के पुराने कई बयानों में धोनी के प्रति थोड़ी नाराजगी नजर आती है इसलिए इस बार जब उन्होंने एमस की तारीफ की तो लोगों को थोड़ा आश्चर्य भी हुआ, फिलहाल अपने इस बयान के कारण गौतम गंभीर सोशल मीडिया पर चर्चित हो गए हैं और लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications