भारत से मुकाबले के लिए पाकिस्तान फिर खतरनाक, 'अब आ जाए कोई भी हमारे सामने'
शारजाह, 3 अगस्त: हांगकांग के खिलाफ पाकिस्तान की 155 रनों की ब्लॉकबस्टर जीत में विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान का बल्ला काफी गरजा। उन्होंने 57 गेंदों पर 78 रनों की पारी खेली और मैन ऑफ द मैच भी साबित हुए। इस पिच पर शुरुआत में पाकिस्तानी बल्लेबाजों को कुछ दिक्कत रही लेकिन अंतिम ओवरों में खुश्दिल ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को 193 रनों का स्कोर दे दिया। इसके जवाब में हांगकांग की टीम मात्र 38 रन बनाकर ढेर हो गई।
Recommended Video

टीम काफी कॉन्फिडेंट है
पाकिस्तान का अगला मुकाबला अब रविवार 4 सितंबर को भारत के खिलाफ होगा जहां उनका मनोबल काफी ऊंचा है। इससे पहले भारत ग्रुप ए के पहले मुकाबले में पाकिस्तान को मात दे चुका है। अब इतनी बड़ी जीत के बाद मोहम्मद रिजवान का कहना है कि वह किसी भी विपक्षी के खिलाफ खेलने के लिए तैयार है क्योंकि टीम काफी कॉन्फिडेंट है।
मोहम्मद रिजवान ने मैच के बाद बात करते हुए कहा कि शारजाह की पिच कुछ ऐसी होती है कि आप पावर प्ले में 50 से 55 रनों का स्कोर ही कर सकते हैं। हमें परिस्थितियों का ध्यान पड़ता है, पहले खेल को पढ़ना पड़ता है। हमने परिस्थितियों को समझा और फिर उसी के हिसाब से अपना खेल खेला।

हमारे सामने कोई भी टीम आ जाए
रिजवान कहते हैं कि भारत और पाकिस्तान के मुकाबले में हमेशा बहुत दबाव रहता है क्योंकि यह कई लोगों के सामने देखा जाता है। दुनिया में लोग इस मैच के लिए काफी दीवाने रहते हैं। ऐसा लगता है कि भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हर किसी के लिए फाइनल मैच है। मुझे लगता है कि हमें इस मैच को जितना हो सके उतना सामान्य तरीके से लेना चाहिए। बाकी हमारे सामने कोई भी टीम आ जाए हमें दिक्कत नहीं है। पाकिस्तान का आत्मविश्वास बहुत ऊंचा है।

शाहीन अफरीदी की जगह नहीं भरी जा सकती
वैसे पाकिस्तान की टीम काफी अच्छी है लेकिन उसके धुरंधर तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी एशिया कप से बाहर हो चुके हैं क्योंकि उनके घुटने में चोट लगी थी। वे इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज से बाहर रहेंगे। लेकिन उम्मीद है कि न्यूजीलैंड सीरीज में लौट जाएंगे जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया में वर्ल्ड कप होगा।
रिजवान शाहीन अफरीदी के बारे में कहते हैं कि कोई भी उनकी जगह नहीं ले सकता। वे पाकिस्तान की टीम के लिए बहुत ही बड़े खिलाड़ी रहे हैं।

फिलहाल दोनों टीमों का पलड़ा बराबर
देखना होगा कि टीम इंडिया किस तरीके से पाकिस्तान के खिलाफ अपना मुकाबला खेलती है क्योंकि भारतीय टीम टॉप के तीन बल्लेबाजों से जूझ रही है जो या तो रन नहीं बना रहे हैं या फिर उनका स्ट्राइक रेट काफी कम है। दूसरी और रवींद्र जडेजा भी बाहर हो चुके हैं जिसने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को और भी कांटे की टक्कर का बना दिया है। फिलहाल ऐसा लगता है कि किसी की किसी के ऊपर एडवांटेज नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications