पैट कमिंस ने किया हेडिंग्ले की हार को दफन, एजबेस्टन की रोमांचक जीत के बाद ऐसा था कप्तान का सेलिब्रेशन- VIDEO
Ashes 2023: ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैटकमिंस (Pat Cummins) ने जबरदस्त ऑलराउंड प्रदर्शन करके अपनी टीम को इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के एजबेस्टन टेस्ट मैच में 2 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम पांच मैचों की इस प्रतिष्ठित सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है।
ऑस्ट्रेलिया को चौथी पारी में चेज करने के लिए 281 रनों का टारगेट मिला था। कंगारुओं ने चौथे दिन 3 विकेट के नुकसान पर 107 रन बना लिए थे और उनको अंतिम दिन 174 रनों की दरकार थी।

एक समय ऑस्ट्रेलिया के 8 विकेट 227 रनों पर ही गिर गए थे, लेकिन पैटकमिंस ने धैर्य नहीं खोया और नाथन लियोन के साथ मिलकर 55 रनों की नाबाद साझेदारी की। कमिंस ने 73 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
कमिंस ने विजयी चौका लगाया, और इस दौरान उनका सेलिब्रेशन देखते ही बनता था। कमिंस ने अपना हेलमेट और बल्ला तुरंत फेंक दिया और जीत की खुमारी में डूब गए, जिसका वीडियो आप यहां पर देख सकते हैं।
ख्वाजा को बताया क्लास-
कमिंस ने मैच के बाद साफ कहा है कि विकेट में कोई दिक्कत नहीं थी और आस्ट्रेलिया की जीत के चांस तब भी काफी अच्छे थे, जब वे बल्लेबाजी करने के लिए आए। कमिंस ने नाथन लियोन की तारीफ की, जिन्होंने उनके साथ बढ़िया बल्लेबाजी की। साथ ही उस्मान ख्वाजा को पिछले कुछ सालों से विकसित होता हुआ एक क्लासिक प्लेयर बताया, जिनके लिए वे आज बहुत खुश हैं।
कैप्टन ड्रीम हैं नाथन लियोन-
नाथन लियोन ने दोनों पारियों में गेंदबाजी से योगदान दिया, जिसके लिए कमिंस उनको एक सुपरस्टार बताते हैं, जो हमेशा अपना काम करता है। यह वह खिलाड़ी है जो एक कप्तान का सपना है। कमिंस से जाते जाते एक बड़ा सवाल पूछा गया क्या इस जीत ने 2019 में हेडिंग्ले की हार को भुला दिया?
पैट कमिंस ने किया हेडिंग्ले की हार को दफन
इस पर कप्तान ने हंसते हुए कहा कि, मुझे नहीं पता आप किस बारे में बात कर रहे हैं। यानी कमिंस उस हार को पूरी तरह भुला चुके हैं। आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने 2019 एशेज सीरीज के दौरान तीसरे टेस्ट मैच में हेडिंग्ले के लीड्स में हुए मुकाबले में 1 विकेट से मात खाई थी।
अंग्रेज टीम ने इस मैच में 286 रनों पर 9 विकेट खो दिए थे लेकिन बेन स्टोक्स और जैक लीच के बीच इतनी जबरदस्त साझेदारी हुई कि इंग्लैंड ने 9 विकेट के नुकसान पर 362 रन बनाए और अंग्रेज 1 विकेट से यह मैच जीत गए। स्टोक्स ने नॉट आउट 136 रनों की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications