रोहित शर्मा-राहुल द्रविड़ को मिली वॉर्निंग, दिग्गज ने कहा- मीडिया में सरेआम ना उछाले टीम की इज्जत
भारतीय टीम एशिया कप के फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही थी। एशिया कप जीतने की सबसे बड़ी दावेदार माने जाने वाली भारतीय टीम का प्रदर्शन पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ औसत दर्जे का रहा।
नई दिल्ली, 17 सितंबर। भारतीय टीम एशिया कप के फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही थी। एशिया कप जीतने की सबसे बड़ी दावेदार माने जाने वाली भारतीय टीम का प्रदर्शन पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ औसत दर्जे का रहा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टीम में कुछ फेरबदल भी किए। क्रिकेट के कई दिग्गजों का मानना है कि भारतीय टीम अभी तक अपने बेस्ट प्लेइंग इलेवन तलाश नहीं कर पाई है।

रोहित शर्मा ने टीम संयोजन पर कही थी यह बात
एशिया कप में हार झेलने के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा था कि टीम अभी भी संयोजन से जुड़े कई सवालों के जवाब में ढूंढ रही है। रोहित शर्मा ने अपने बयान में कहा कि वह एशिया कप में टीम कॉम्बिनेशन को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे थे, इस वजह से टीम में फेरबदल किए गए थे। रोहित शर्मा के इस बयान पर कई पूर्व भारतीय दिग्गजों ने एतराज जताते हुए उनकी आलोचना भी की थी।
Recommended Video

अजय जडेजा ने कहा- मीडिया में ऐसी बातें करना ठीक नहीं
भारत के पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा ने क्रिकबज पर बात करते हुए कहा कि कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ को मीडिया में इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए। जडेजा ने कहा कि टीम की अंदरूनी बातचीत को मीडिया के सामने जस्टिफाई करने की कोई जरूरत नहीं होती है। इससे टीम में शामिल खिलाड़ियों पर भी मानसिक दबाव पड़ता है।

मीडिया के सामने संयम बरतने की जरूरत
अजय जडेजा के मुताबिक रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ को मीडिया के सामने टीम प्लान बताना नहीं चाहिए। अलग-अलग संयोजन ट्राई करने की बात सरेआम करने से खिलाड़ियों और उनके परिवार के लोगों पर उसका नकारात्मक असर भी पड़ सकता है। कप्तान को अपने खिलाड़ियों की भावना का ध्यान रखना चाहिए। ऐसी चीजें टीम के अंदर ही अच्छी लगती है बाहर नहीं।

भारत को ढूढ़ने होंगे कुछ सवालों के जवाब
भारत को अगले महीने ऑस्ट्रेलिया में शुरू होने वाले वर्ल्ड कप से पहले कई सवालों के जवाब खोजने होंगे। सही कॉम्बिनेशन टीम की सबसे बड़ी परेशानी रही है, जिससे टीम को जल्द से जल्द बनाना होगा। केएल राहुल जिस तरीके के फॉर्म में हैं, टीम मैनजमेंट को एक बैकअप ओपनर के लिए भी सोचकर चलना होगा। दिनेश कार्तिक को अगर वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया है तो फिर उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications