World Cup: बाप ने भारत तो बेटे ने कर दी पाकिस्तान की हालत खराब, वर्ल्ड कप में दोहराया इतिहास
Pakistan vs Netherlands, 2nd Match: पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में नीदरलैंड ने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करते हुए नीदरलैंड के गेंदबाजों ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। नीदरलैंड की ओर से तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनर्स ने भी अपना काम बखूबी निभाया। यही वजह रही कि नीदरलैंड ने पाकिस्तान को 300 से कम के स्कोर पर रोक लिया।
गेंदबाजों का दमदार प्रदर्शन: नीदरलैंड के गेंदबाजों ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज नीदरलैंड के गेंदबाजों बेबस नजर आए। नीदरलैंड की टीम ने महज 38 के स्कोर पर पाकिस्तान के तीन बल्लेबाजों को आउट कर मैच में अपना दबदबा बनाया। हालांकि, इसके बाद साऊद शकील और मोहम्मद रिजवान की जोड़ी ने पाकिस्तान के लिए 120 रनों की साझेदारी निभाई। इन दोनों की जोड़ी की बदौलत पाकिस्तान की टीम 286 रन तक पहुंचने में सफल रही।

बास डी लीडे ने दोहराया इतिहास: इस मैच में वर्ल्ड कप का अपना पहला मुकाबला खेलने वाले बास डी लीडे ने इतिहास को दोहराने का काम किया। उन्होंने सबसे अधिक चार विकेट झटके। ऐसा ही कुछ बास डी लीडे के पिता ने साल 2003 के वर्ल्ड कप के दौरान भारत के खिलाफ किया था। बास डी लीडे से पहले उनके पिता टिम डी लीडे ने साल 2003 में पहला वर्ल्ड कप मैच खेलते हुए भारत के खिलाफ 4 विकेट चटकाए थे।
टिम डी लीडे ने झटके थे चार विकेट: टिम डी लीडे ने उस मुकाबले में भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ जैसे बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। इसके अलावा हरभजन सिंह और जहीर खान को भी उन्होंने आउट किया था। जो काम टिम डी लीडे ने भारत के खिलाफ किया, वहीं काम अब 20 साल बाद उनके बेटे ने पाकिस्तान के खिलाफ कर दिखाया है। हालांकि, साल 2003 के दौरान खेला गया वह वर्ल्ड कप मैच भारत की टीम ने जीत ली थी।












Click it and Unblock the Notifications