'उसे अश्विन की तरह रिटायर आउट हो जाना चाहिये था', पूर्व क्रिकेटर ने इस खिलाड़ी को बताया DC की हार का जिम्मेदार
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में आरसीबी के लिये दिनेश कार्तिक ने लगातार संकटमोचक की भूमिका निभाना जारी रखा है, जिसके चलते शनिवार को जब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उनकी टीम महज 92 रन पर 5 विकेट खोकर संघर्ष करती नजर आ रही थी, तब इस विकेटकीपर बल्लेबाजी ने महज 34 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्के लगाकर नाबाद 66 रनों की पारी खेल डाली। वानखेड़े के मैदान पर दिनेश कार्तिक के बल्ले से निकली इस विस्फोटक पारी के चलते आरसीबी की टीम ने 189 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और अंत में 16 रनों से जीत भी हासिल कर ली।

हालांकि रनों का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के लिये डेविड वॉर्नर ने जिस तरह शुरुआत करते हुए तेजतर्रार अर्धशतक लगाया उसके बाद ऐसा लगा कि शायद आरसीबी की ओर से दिया गया 190 रनों का लक्ष्य छोटा पड़ जायेगा। दिल्ली की टीम ने पावरप्ले के दौरान पृथ्वी शॉ का विकेट खो दिया था लेकिन इसके बावजूद डेविड वॉर्नर ने ताबड़तोड़ रन बनाकर अपनी टीम को रन चेज में काफी आगे रखा हुआ था।
और पढ़ें: 4 साल बाद कार्तिक फिर बने हीरो, DC के मुस्तफिजुर के सामने रिप्ले किया निदाहास ट्रॉफी का क्लाइमेक्स

दिल्ली की हार में मार्श बने विलेन
11वें ओवर तक दिल्ली की टीम की टीम जरूरी रन रेट से ज्यादा पीछे नहीं थी, लेकिन बल्लेबाजी में अच्छी खासी गहराई होने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स की टीम यह स्कोर बना नहीं सकी और 16 रनों से मैच हार गई। दिल्ली कैपिटल्स की टीम की इस हार के बाद भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर कृष्णमचारी श्रीकांत ने दिल्ली के लिये डेब्यू कर रहे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मिचेल मार्श को हार का जिम्मेदार करार दिया है। उल्लेखनीय है कि मिचेल मार्श ने चोट से उबरने के बाद शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के लिये अपना डेब्यू किया और 14 रनों की पारी खेली। इस दौरान मार्श ने कुल 24 गेंदों (4 ओवर) का सामना किया जिसमें 11 गेंदों पर वो रन बनाने में नाकाम रहे, जबकि बाकी के रन सिंगल्स के जरिये से आये।

अश्विन की तरह रिटायर आउट हो जाना चाहिये था
मैच में दिल्ली की हार के बाद के श्रीकांत ने क्रिकहंट के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए मिचेल मार्श की एप्रोच की जमकर आलोचना की है और उन्हें दिल्ली की टीम का विलेन तक करार कर दिया। श्रीकांत का मानना है कि मार्श को अश्विन की तरह रिटायर आउट हो जाना चाहिये था।
उन्होंने कहा,'डेविड वॉर्नर काफी शानदार खेल रहे थे लेकिन दूसरे छोर पर खड़े मिच मार्श की वजह से जो दबाव बना उसके चलते वो ज्यादा देर रुक नहीं पाये। मिचेल मार्श को इस बारे में सोचना चाहिये था और या तो बड़े शॉट मारने की कोशिश में आउट हो जाना चाहिये था या फिर अश्विन की तरह रिटायर आउट हो जाना चाहिये था। क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स के लिये उनके ऐसा न करने की वजह से जब रन रेट 13-14 तक पहुंचा तब तक काफी देर हो गई थी और ऋषभ पंत हर गेंद पर शॉट मारने की कोशिश कर रहे थे। मेरे लिये मिच मार्श दिल्ली की जीत के विलेन रहे हैं।'

दिल्ली की हार की रही यह दो बड़ी वजह
श्रीकांत यहीं पर नहीं रुके और मिच मार्श का लताड़ते हुए आगे कहा,'सच कहूं, तो दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने डेविड वॉर्नर की शानदार पारी के चलते बहुत अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन मिचेल मार्श की वजह से वॉर्नर पर बड़े शॉट मारने का दबाव बनता चला गया। वहीं जब पंत तब भी पहले से सेट हो चुके मार्श से रन नहीं निकल रहे थे और फिर पंत को हर गेंद पर निकल कर शॉट मारने के लिये जाना पड़ा और वो भी आउट हो गये। मुस्तफिजुर रहमान का वो एक ओवर और मिचेल मार्श की पारी दिल्ली की हार के दो सबसे बड़े कारण रहे। इसने दिल्ली कैपिटल्स को मैच से बाहर कर दिया।'

मार्श नहीं मुस्तफिजुर की वजह से हारे
गौरतलब है कि मुस्तफिजुर रहमान के आखिरी ओवर में दिनेश कार्तिक ने 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 28 रन बटोरे थे। मैच के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने हार के कारण पर बात करते हुए मिचेल मार्श को विलेन बताने से इंकार किया था लेकिन रहमान के उस ओवर को मैच का टर्निंग प्वाइंट जरूर करार दिया था।
उन्होंने कहा,'मार्श को इसका जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, यह उनका पहला मैच था और वो थोड़ा फंसे हुए नजर आ रहे थे। हालांकि हम बीच के ओवर्स में बेहतर कर सकते थे। विकेट समय के साथ बेहतर होती जा रही थी और उसके साथ पारी भी वैसी ही चलती गई। मुस्तफिजुर रहमान का वो ओवर हमारे लिये मैच बदलने वाला रहा।'












Click it and Unblock the Notifications