अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ मजबूत टीम का किया ऐलान, कोहली से भिड़ने वाले खिलाड़ी की वापसी
AFG vs IND: अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक की लंबे समय बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। वहीं, इब्राहिम जादरान पहली बार टी20 में अफगानिस्तान की कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
नवीन-उल-हक लंबे समय से कंधे की चोट के कारण क्रिकेट से बाहर चल रहे थे। चोट के चलते वह पहले एशिया कप और फिर इस साल खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में भी हिस्सा नहीं ले सके थे। इसके बाद उनके दाएं कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर की समस्या सामने आई, जिसके लिए उन्हें सर्जरी करानी पड़ी।

26 वर्षीय नवीन-उल-हक ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद ODI क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने अफगानिस्तान के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर 2024 में खेला था। अब भारत के खिलाफ सीरीज के जरिए वह दोबारा टी20 क्रिकेट में नजर आएंगे। आईपीएल में विराट कोहली से टकराने वाले नवीन उल हक का प्रदर्शन देखने लायक रहेगा।
गुलबदीन नायब को भी मिली जगह
अफगानिस्तान ने अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नायब को भी टीम में शामिल किया है। उनकी वापसी से अफगान टीम के मध्यक्रम को मजबूती मिलने के साथ गेंदबाजी में भी अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा। विकेटकीपिंग विभाग में अनकैप्ड खिलाड़ी नूर रहमान को चुना गया है। घरेलू क्रिकेट और शपागीजा क्रिकेट लीग में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम में बैकअप विकेटकीपर की भूमिका दी गई है।
स्पिन विभाग में चार बड़े विकल्प
अफगानिस्तान की टीम में स्पिन गेंदबाजी के लिए राशिद खान, मोहम्मद नबी, नूर अहमद और नांगयाल खारोटी मौजूद हैं। यानी टीम के पास भारत के खिलाफ अलग-अलग परिस्थितियों में इस्तेमाल करने के लिए चार स्पिन विकल्प होंगे। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीनों टी20 मुकाबले दिल्ली में खेले जाएंगे। सीरीज का पहला मैच 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
अफगानिस्तान की टीम
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरवेश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगयाल खारोटी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक।
रिजर्व खिलाड़ी: इजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल और फरीद अहमद मलिक।


Click it and Unblock the Notifications
