अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर रचा इतिहास, पहली बार ख़िताब जीतकर किया धमाका
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छोटे प्रारूप में उसे हल्के में लेना किसी भी टीम के लिए भारी पड़ सकता है। रविवार को हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के फाइनल में अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम कर लिया।
मुकाबले में अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने ऐसा तूफान मचाया कि ऑस्ट्रेलिया का 116 रन का लक्ष्य भी छोटा पड़ गया। फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने छह ओवर में 115 रन बनाए। छह ओवर के इस प्रारूप में यह चुनौती आसान नहीं थी, लेकिन अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने इसे बखूबी स्वीकार किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम को इमरान मीर ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने महज 14 गेंदों में नाबाद 53 रन की तूफानी पारी खेली और टीम को खिताब के करीब पहुंचा दिया। उनके अलावा फरमानुल्लाह सफी ने सिर्फ सात गेंदों में नाबाद 27 रन बनाए।
कप्तान गुलबदीन नायब ने भी छह गेंदों में 17 रन का योगदान दिया। इन तीनों बल्लेबाजों की आक्रामक पारियों के दम पर अफगानिस्तान ने लक्ष्य हासिल कर लिया और चार विकेट से मुकाबला जीत लिया।
यह हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में अफगानिस्तान का पहला खिताब है। टीम ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत प्रतिद्वंद्वी को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी टीम की जीत पर बधाई देते हुए इसे शानदार सामूहिक प्रदर्शन बताया।
इस जीत से अफगानिस्तान क्रिकेट ने एक नया इतिहास बना दिया। इमरान मीर की विस्फोटक बल्लेबाजी और कप्तान गुलबदीन नायब के योगदान ने खिताबी मुकाबले को यादगार बना दिया। 1992 में शुरू हुए इस इवेंट को भारत ने भी एक बार ही जीता है। अफगानिस्तान ने इस मामले में भारत की बराबरी कर ली।
भारतीय टीम इस बार भी खेल रही थी लेकिन अगले चरण तक नहीं जा पाई, पाकिस्तान और यूएई जैसी टीमों के सामने भारत को हार का सामना करना पड़ा था।


Click it and Unblock the Notifications
