T20 World Cup के लिए अफगानिस्तान टीम का हुआ ऐलान, 4 खिलाड़ियों की हुई टीम से छुट्टी
नई दिल्ली, 15 सितंबर: ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी T20 World Cup के लिए सभी टीमों ने अपनी-अपनी कमर कस ली है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। एशिया कप में टीम की कमान संभालने वाले स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नबी को कप्तान के पद पर बरकरार रखा गया है, जबकि नजीबुल्लाह जदरान को उप-कप्तान बनाया गया है। वहीं, पूर्व कप्तान गुलबदीन नाइब को रिजर्व खिलाड़ियों में जगह मिली है।

इन खिलाड़ियों की हुई छुट्टी
खराब फॉर्म के चलते टी20 वर्ल्ड कप के लिए समीउल्लाह शिनवारी, हशमतुल्ला शाहिदी, अफसर जजई, करीम जनत और नूर अहमद को टीम से ड्रॉप किया गया है। वहीं, मध्यक्रम के बल्लेबाज दरवेश रसूली, लेग स्पिन ऑलराउंडर कैस अहमद और दाएं हाथ के तेज गेंदबाज सलीम सफी ऑस्ट्रेलिया का टिकट कटाने में सफल रहे।

एशिया कप में टीम ने दिखाया था दम
एशिया कप में भले ही टीम फाइनल तक ना पहुंच पाई हो, लेकिन टूर्नामेंट में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। ग्रुप स्टेज में टीम ने सभी को चौंकाते हुए श्रीलंका को 8 विकेट और बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर सुपर-4 में जगह बनाई थी। हालांकि, सुपर-4 में टीम को श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट और भारत के खिलाफ 101 रन से मिली हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के खिलाफ टीम आखिरी दम तक लड़ी, लेकिन टीम को बेहद ही रोमांचक मुकाबले में 1 विकेट से मिली हार का मुंह देखना पड़ा।

अफगान टीम का छठा वर्ल्ड कप
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम 2010 से टी20 विश्व कप खेल रही है। ये टीम का छठा वर्ल्ड कप टूर्नामेंट होगा। अभी तक खेले 19 टी20 वर्ल्ड कप मैचों में टीम ने 7 में जीत दर्ज की और 12 में हार का सामना करना पड़ा। पिछले कुछ सालों में अफगान टीम ने वर्ल्ड क्रिकेट के बड़ी-बड़ी टीमों को धूल चटाई है और क्रिकेट के जानकारों को भी खासा प्रभावित किया है। ऐसे में आगामी वर्ल्ड कप के लिए टीम को बिल्कुल भी हल्के में नहीं लिया जा सकता। टीम के पास राशिद खान के अलावा कई सारे टी20 स्पेशलिस्ट खिलाड़ी मौजूद है।

ग्रुप-1 में मिली जगह
नबी एंड कंपनी को टी20 वर्ल्ड कप के लिए ग्रुप-1 में रखा गया है। इस ग्रुप में मेजबान ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम शामिल है। वहीं, दो टीमें क्वालीफायर राउंड से इस ग्रुप का हिस्सा बनेगी।
अफगानिस्तान का शेड्यूल
- 22 अक्टूबर - अफगानिस्तान बनाम इंग्लैंड, पर्थ
- 26 अक्टूबर - अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड, मेलबर्न
- 28 अक्टूबर - अफगानिस्तान बनाम क्वालीफाई टीम, मेलबर्न
- 01 नवंबर - अफगानिस्तान बनाम क्वालीफाई टीम, ब्रिस्बेन
- 04 नवंबर - अफगानिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया, एडिलेड

वर्ल्ड कप के लिए अफगान टीम
- अफगानिस्तान- मोहम्मद नबी (कप्तान), नजीबुल्लाह जदरान (उप-कप्तान), रहमानुल्ला गुरबाज (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह ओमरजई, दरवेश रसूली, फरीद अहमद मलिक, फ़ज़ल हक फ़ारूक़ी, हज़रतुल्लाह ज़ज़ई, इब्राहिम ज़दरान, मुजीब उर रहमान, नवीन उल हक, क़ैस अहमद, राशिद खान, सलीम सफी और उस्मान गनी।
- रिजर्व खिलाड़ी- अफसर जजई, शराफ़ुद्दीन अशरफ, रहमत शाह और गुलबदीन नाइब।












Click it and Unblock the Notifications