Aaj Ke Match Ka Toss Kon Jeeta: आज के मैच का टॉस कौन जीता- England vs India, 1st Test
Aaj Ke Match Ka Toss Kon Jeeta: टीम इंडिया के इंग्लैंड दौरे की शुरुआत आज हेडिंग्ले (लीड्स) में पहले टेस्ट मैच से हो रही है। पांच मैचों की इस अहम सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून से शुरू हो रहा है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का विकल्प चुना है। पहली गेंद 3:30 बजे फेंकी जाएगी। दोनों टीमें जीत के साथ सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से उतरेंगी।
इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेट कीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्से, जोश टंग, शोएब बशीर।

भारत (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा
इस बार एक बात तय है- यहां एक ही मैदान पर दुनिया के मौजूदा नंबर 1 बल्लेबाज (जो रूट), गेंदबाज (जसप्रीत बुमराह) और ऑलराउंडर (रविंद्र जडेजा) उतरेंगे। भारतीय टीम बदलाव के दौर में है और अनुभव की कमी के बावजूद बुमराह ऐसा नाम है जो अकेले मैच का रुख मोड़ सकते हैं। वो इंग्लिश टीम के लिए सबसे बड़ा चैलेंज हैं।
टॉस के बाद कप्तान शुभमन गिल ने क्या कहा?
गिल ने टॉस के बाद कहा कि, हम भी पहले गेंदबाजी ही करना चाहते थे। पहले सेशन में थोड़ी मुश्किल हो सकती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजी के लिए पिच अच्छी हो जाएगी। सूरज निकला है, जिससे बल्लेबाजी के लिए हालात बेहतर होंगे। हमारी तैयारी बेहतरीन रही है, बीकेनहम (Beckenham) में एक प्रैक्टिस मैच भी खेला और टीम का माहौल शानदार है। साईं (Sai) आज डेब्यू कर रहे हैं और करुण (Karun) भी टीम में आए हैं। साईं नंबर तीन पर बल्लेबाजी करेंगे।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने क्या कहा?
बेन स्टोक्स ने टॉस के बाद कहा कि, हम पहले गेंदबाजी करेंगे। हेडिंग्ले (Headingley) की पिच शानदार होती है, यहां कई अच्छे मैच हुए हैं। हम शुरुआती हालात का फायदा उठाना चाहेंगे। सीरीज शुरू होने में वक्त लग गया, थोड़ा अजीब भी लगता है कि ये सिर्फ दूसरी सीरीज है, लेकिन हम तैयार हैं। हमारी तैयारी मिली-जुली रही है-कुछ खिलाड़ी काउंटी क्रिकेट खेल रहे थे और बाकी ने तीन दिन की अच्छी क्रिकेट की है।
क्या भारत दिखा पाएगा साहस?
पिछली बार जब इंग्लैंड ने भारत को उसके घर में चौंकाया था, तो उन्होंने अपने बॉलिंग अटैक में गहराई की कमी कर दी थी। इस बार वही सवाल भारत से है- क्या वो ऐसे गेंदबाज चुनेंगे जो 20 विकेट निकाल सकें? जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड की गैरहाजिरी में इंग्लैंड का अटैक अनुभवहीन है, लेकिन क्रिस वोक्स और बेन स्टोक्स की वापसी इसे बैलेंस देती है- जैसे भारत के लिए अश्विन और जडेजा घर पर करते हैं।
नया कप्तान, नई टीम, नई ट्रॉफी
ये सीरीज केवल पांच टेस्ट मैचों की कहानी नहीं है, बल्कि एक नई भारतीय टीम, एक नई कप्तानी (शुभमन गिल), और एक नई ट्रॉफी- 'एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी'- की शुरुआत भी है।
हेडिंग्ले का हाल: बल्लेबाज या गेंदबाज किसे मिलेगी मदद?
मैच से पहले पिच पर थोड़ी घास जरूर है, जिससे नए गेंदबाजों को सुबह के सेशन में हलचल मिल सकती है। लेकिन जैसे-जैसे सूरज चढ़ेगा और पिच का मिजाज बदलेगा, बल्लेबाजी आसान होती जाएगी। मौसम भी पूरा टेस्ट गर्म और धूप वाला रहने वाला है, यानि बाद में रन बनाने का सुनहरा मौका मिलेगा।
हेडिंग्ले में हाल के काउंटी मैचों का ट्रेंड देखें तो दोनों बार टॉस जीतकर कप्तानों ने गेंद थामना ही बेहतर समझा। यानि यहां की पिच शुरुआत में जितनी हरियाली दिखाती है, उतनी ही उम्मीद जगाती है कि पहले कुछ विकेट निकाल लिए जाएं। इसके बाद बल्लेबाजी करना ज़्यादा मुफीद साबित होता है।
आखिरी बार राहुल द्रविड़ की कप्तानी में मिली जीत
भारतीय टीम ने इंग्लैंड में आखिरी बार 2007 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में टेस्ट सीरीज 1-0 से जीती थी। इसके बाद से टीम इंडिया वहां कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। हर बार उम्मीद के साथ गई टीम को हार या ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। इस बार शुभमन गिल की अगुवाई में भारत 18 साल के सूखे को खत्म करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।












Click it and Unblock the Notifications