IND vs ENG: क्या इंग्लैंड की सरजमीं पर 18 साल का सूखा खत्म करेगा भारत? जानिए रिकॉर्ड में कौन किस पर भारी

भारत और इंग्लैंड के बीच आज से शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच का मंच है हेडिंग्ले, लीड्स- एक ऐसा मैदान जहां क्रिकेट की स्क्रिप्ट अक्सर पलट जाती है। इंग्लैंड ने इतिहास में अब तक सिर्फ 9 बार इस मैदान से टेस्ट सीरीज की शुरुआत की है, और इस बार मामला खास है क्योंकि एक साथ उतर रहे हैं दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज जो रूट, नंबर-1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और नंबर-1 ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा। यानी क्रिकेट के तीनों स्तंभों की टक्कर एक ही जगह, एक ही टेस्ट में हो रही है।

england vs india 1st test

भारत की टीम इस वक्त बदलाव के दौर से गुजर रही है। कई अनुभवी नाम टीम से बाहर हैं और कप्तान शुभमन गिल जैसे युवा नेतृत्व कर रहे हैं। ऐसे में जसप्रीत बुमराह वो इकलौते खिलाड़ी हैं जो इस सीरीज को अपनी गेंदों से मोड़ सकते हैं- खासकर तब, जब वो अकेले ही जो रूट को टेस्ट में 9 बार आउट कर चुके हैं।

दूसरी ओर इंग्लैंड को एंडरसन-ब्रॉड के बिना उतरना पड़ रहा है, लेकिन क्रिस वोक्स और पूरी तरह फिट हो चुके स्टोक्स घरेलू परिस्थितियों में भारत को गहरी चुनौती दे सकते हैं।

नई ट्रॉफी, नया कप्तान, नई शुरुआत
इस मुकाबले के जरिए भारत एक नए युग की शुरुआत कर रहा है। यह सिर्फ एक टेस्ट नहीं, बल्कि नई टीम, नया कप्तान और नई सोच का आगाज है। खास बात यह भी है कि इस बार ट्रॉफी का नाम रखा गया है क्रिकेट के दो दिग्गजों के नाम पर - सचिन तेंदुलकर और जेम्स एंडरसन। यानी मैदान पर भले नई टीमें उतरें, लेकिन हर गेंद, हर रन और हर विकेट के साथ इतिहास खुद को दोहराएगा- और शायद फिर से कुछ नया रच जाएगा।

इंग्लैंड की सरजमीं पर 18 साल का सूखा खत्म करेगा भारत?
भारतीय टीम ने इंग्लैंड में आखिरी बार 2007 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में टेस्ट सीरीज 1-0 से जीती थी। इसके बाद से टीम इंडिया वहां कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। हर बार उम्मीद के साथ गई टीम को हार या ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। इस बार शुभमन गिल की अगुवाई में भारत 18 साल के सूखे को खत्म करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

भारत बनाम इंग्लैंड: अब तक का मुकाबला और हेडिंग्ले का इतिहास
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 136 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें इंग्लैंड को बढ़त हासिल है। इंग्लैंड ने 51 टेस्ट में जीत दर्ज की है, जबकि भारत ने 35 मुकाबले अपने नाम किए हैं। बाकी 50 मैच ड्रॉ रहे। दोनों टीमों की पिछली टक्कर 2024 में धर्मशाला में हुई थी, जहां भारत ने इंग्लैंड को पारी और 64 रनों से हराया था।

हेडिंग्ले में भारत बनाम इंग्लैंड की टक्कर
लीड्स के ऐतिहासिक हेडिंग्ले मैदान पर भारत और इंग्लैंड अब तक सात बार आमने-सामने आ चुके हैं। इनमें से इंग्लैंड ने चार टेस्ट जीते हैं, जबकि भारत सिर्फ दो में कामयाब रहा है। एक मैच ड्रॉ रहा। भारत ने यहां पहली बार 1952 में टेस्ट खेला था, जो हार में बदला था।

इस मैदान पर भारत का आखिरी मैच कब हुआ?
इस मैदान पर दोनों के बीच आखिरी मैच 2021 में हुआ था, जब विराट कोहली की कप्तानी में भारत को भारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। लेकिन इस बार एक नई टीम और नए नेतृत्व के साथ भारत हेडिंग्ले में अपना रिकॉर्ड सुधारने के इरादे से उतरेगा।

हेडिंग्ले टेस्ट रिकॉर्ड और ऐतिहासिक आंकड़े
हेडिंग्ले में अब तक कुल 81 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। इनमें से पहली पारी खेलने वाली टीमों ने 29 बार जीत दर्ज की है, जबकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 34 बार बाजी मारी है। 18 मुकाबले ड्रॉ या बिना नतीजे के रहे। टॉस जीतने वाली टीमों ने 31 मैचों में जीत हासिल की है, जो कि लगभग 38.27% है, जबकि टॉस हारने के बावजूद 32 बार टीमें विजयी रही हैं- यानि 39.51% बार।

किसके नाम है सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड?
इस मैदान पर बनाए गए सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के डॉन ब्रैडमैन के नाम है, जिन्होंने 11 जुलाई 1930 को 334 रन बनाए थे। एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी इंग्लैंड के बॉब विलिस ने की थी, जिन्होंने 1981 में 43 रन देकर 8 विकेट झटके थे। मैच में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी इंग्लैंड के कॉलिन ब्लाइथ के नाम है, जिन्होंने 1907 में 99 रन देकर 15 विकेट हासिल किए थे।


हेडिंग्ले में टेस्ट का सबसे बड़ा टीम स्कोर क्या है?
हेडिंग्ले में टेस्ट का सबसे बड़ा टीम स्कोर 653/4 (डिक्लेयर) है, जो ऑस्ट्रेलिया ने 1993 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। वहीं सबसे कम स्कोर 61 रन रहा, जो वेस्टइंडीज ने 2000 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाए थे। इस मैदान पर अब तक की सबसे बड़ी सफल रनचेज 404/3 है, जो ऑस्ट्रेलिया ने 1948 में इंग्लैंड के खिलाफ हासिल की थी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+