3 पाकिस्तानी खिलाड़ी बन सकते हैं भारत के लिए खतरा, इन खूंखार प्लेयर्स से रहना होगा टीम इंडिया को सावधान
IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान का मुकाबला सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि भावनाओं का एक ज्वार होता है। जब ये दोनों टीमें मैदान पर उतरती हैं, तो हर खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता है। एशिया कप में 14 सितंबर को एक बार फिर ये चिर-प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने होंगे।
हालांकि इस बार पाकिस्तान की टीम में कुछ बदलाव हुए हैं, लेकिन उनके पास अभी भी ऐसे खूंखार खिलाड़ी हैं जो भारत के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। टीम इंडिया को इन तीन पाकिस्तानी प्लेयर्स से खास तौर पर सावधान रहना होगा।

शाहीन शाह अफरीदी
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी पाकिस्तान के सबसे बड़े हथियार हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत नई गेंद से मिलने वाली स्विंग और बेजोड़ गति है। शाहीन के पास इतनी क्षमता है कि वह शुरुआती ओवरों में ही भारतीय टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर सकते हैं। उनकी इनस्विंग गेंदों से ओपनर शुभमन गिल को बचना होगा। अभिषेक शर्मा के लिए उनकी आउटस्विंग खतरा पैदा कर सकती हैं।
फखर ज़मान
फखर जमान एक ऐसे बल्लेबाज हैं जो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से किसी भी गेंदबाजी आक्रमण पर दबाव बना सकते हैं। उनकी बल्लेबाजी शैली निडर है और एक बार अगर वह क्रीज पर टिक गए, तो भारतीय गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना मुश्किल हो सकता है। फखर के पास बड़े शॉट खेलने की जबरदस्त क्षमता है और वह चौके-छक्के लगाकर मैच का रुख पलटने में माहिर हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल में भारत के खिलाफ उनके लगाए गए शतक को भला कौन भूल सकता है? उस पारी ने पाकिस्तान को जीत दिलाई थी। मिडिल ऑर्डर में आकर वह तूफ़ान खड़ा कर सकते हैं।
मोहम्मद हारिस
पाकिस्तान के लिए ओमान के खिलाफ हुए मैच में हारिस का बल्ला चला था और उन्होंने 66 रनों की पारी खेली थी। वही इकलौते पाकिस्तानी प्लेयर थे, जो रन बनाने में सफल हुए थे। अब भारत के खिलाफ मैच के दौरान भी वह धमाल मचाने में सफल हो सकते हैं। वह तीन नंबर पर खेलते हैं, इस वजह से उनको जल्दी आउट करना भारत के लिए ठीक रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications