T20 Blast में तहलका! 17 साल के खिलाड़ी ने रचा इतिहास, हैट्रिक के साथ झटके 5 विकेट
T20 Blast, Farhan Ahmed scripts history: टी-20 ब्लास्ट 2025 में नॉर्थ ग्रुप का मुकाबला नॉटिंघमशायर और लंकाशायर के बीच खेला गया। यह मैच 17 साल के युवा गेंदबाज फरहान अहमद के लिए बेहद यादगार रहा। 18 जुलाई को नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान में खेले गए इस मुकाबले में लंकाशायर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन उनका ये फैसला ज्यादा काम नहीं आया क्योंकि फरहान अहमद ने गेंद से ऐसा कमाल किया कि सभी देखते रह गए।
126 रन पर ढेर हो गई पूरी टीम (T20 Blast, Farhan Ahmed scripts history)
लंकाशायर की पूरी टीम सिर्फ 126 रन ही बना सकी और इसका पूरा श्रेय फरहान को जाता है। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 25 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जिसमें एक शानदार हैट्रिक भी शामिल रही। फरहान ने ल्यूक वुड, टॉम ऐस्पिनवॉल और मिचेल स्टैनली को लगातार गेंदों पर आउट कर के हैट्रिक पूरी की और अपने नाम इतिहास में दर्ज कर लिया।

रिहान अहमद के छोटे भाई हैं फरहान अहमद
फरहान अहमद, इंग्लैंड के मशहूर स्पिनर रिहान अहमद के छोटे भाई हैं और 2024 अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी खेल चुके हैं। उन्होंने नॉटिंघमशायर की तरफ से T20 में हैट्रिक लेने वाले पहले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है। लंकाशायर की पारी को समेटने में फरहान के अलावा मैथ्यू मोंटगोमरी और लियम पैटरसन-व्हाइट ने भी 2-2 विकेट लेकर अहम योगदान दिया।
15.2 ओवर में ही टीम को मिली जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉटिंघमशायर की शुरुआत खराब रही। ओपनर जो क्लार्क और सैम सीचारन जल्दी आउट हो गए। इसके बाद जैक हेन्स और मोंटगोमरी भी सस्ते में चलते बने। टीम का स्कोर जब लड़खड़ा रहा था, तब टॉम मूर्स ने मोर्चा संभाला। उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में 75 रनों की पारी खेली और टीम को 15.2 ओवर में ही 4 विकेट से जीत दिला दी। लंकाशायर की ओर से ल्यूक वुड और टॉम हार्टले ने 2-2 विकेट लिए, जबकि ल्यूक वेल्स को 1 सफलता मिली, लेकिन वो मैच का पासा नहीं पलट सके।












Click it and Unblock the Notifications