ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले ही दिन हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुईं पीवी सिंधु, चीन की खिलाड़ी ने दी
ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में पीवी सिंधु का मुकाबला चीन की झांग यी मैन से था। यह मैच बर्मिंघम के यूटिलिटा एरिना में खेला गया। इस मुकाबले में झांग यी मैन ने पीवी सिंधु को 21-17, 21-11 से हरा दिया।

ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप 2023 का आगाज आज से हो गया है। इस चैंपियनशिप के पहले ही दिन भारत की स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु को महिला सिंगल के शुरुआती दौर में हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के साथ ही पीवी सिंधु टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। बुधवार को पीवी सिंधु का मुकाबला चीन की झांग यी मैन से था। यह मैच बर्मिंघम के यूटिलिटा एरिना में खेला गया। इस मुकाबले में झांग यी मैन ने पीवी सिंधु को 21-17, 21-11 से हरा दिया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु जनवरी की शुरुआत में मलेशिया ओपन और इंडिया ओपन से भी पहले ही राउंड से ही बाहर हो गईं थीं।
कोच से अलग होने के बाद है पहली हार
आपको बता दें कि पीवी सिंधु ने पिछले महीने अपने कोच पार्क ताए सांग के साथ कोचिंग के करार को खत्म कर दिया था। पार्क ताए संग से अलग होने के बाद सिंधु का यह पहला टूर्नामेंट था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ गया है। इस हार को लेकर पीवी सिंधु ने कहा है कि वो भारतीय फैंस से माफी मांग रही हैं। उन्होंने मजबूत वापसी का भी दावा किया है। साथ ही सिंधु ने कहा है कि वो अभी भी एक नए कोच की तलाश कर रही हैं।
गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली ने जीता मैच
पीवी सिंधु के मैच के अलावा महिला युगल में कॉमनवेल्थ गेम्स की ब्रॉन्ज मेडल विजेता गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली जो पिछले साल ऑल इंग्लैंड ओपन में सेमीफ़ाइनलिस्ट भी थीं, उन्होंने 46 मिनट तक चले मैच में जोंगकोलफान किथिथाराकुल और राविंदा प्राजोंगजई की सातवीं वरीयता प्राप्त थाई जोड़ी को 21-18, 21-14 से हरा दिया।
आज के अन्य मैच
आज दिन के अन्य मुक़ाबले में पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत अपने अभियान की शुरुआत टोमा जूनियर पोपोव के ख़िलाफ़ करेंगे। वहीं पुरुष युगल में छठी वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का मुक़ाबला कृष्ण प्रसाद गर्ग और विष्णुवर्धन गौड़ पंजाला की भारतीय जोड़ी से होगा।












Click it and Unblock the Notifications