UP News: ओम प्रकाश राजभर ने कहा, हमसे बड़ा नक्सली कौन है?, 'जो जमीन सरकारी है वह हमारी है'
UP Politics News: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में जुट गए हैं। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा बिहार में भी उनके द्वारा पार्टी को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में ओपी राजभर चुनाव की तैयारी की समीक्षा करने सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज पहुंचे।
रॉबर्ट्सगंज में स्थित विवेकानंद प्रेक्षागृह में उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 अब बहुत दूर नहीं रह गया है ऐसे में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरी तरह चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है, ऐसे में पार्टी के हर नेता और कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

यूपी सरकार में मंत्री बनाए जाने की चर्चा के बावजूद अभी तक मंत्री न बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि मैं किसी मंत्री से कम नहीं हूं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछड़े वर्ग को मिले 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ केवल कुछ विशेष जातियां ही उठा रही हैं। ऐसे में आरक्षण आर्थिक आधार पर होना चाहिए न कि जातिगत आधार पर। उन्होंने यह भी कहा कि मैं आरक्षण से विधायक नहीं हूं।
इस दौरान मौजूद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं गरीबों के साथ उठता हूं और बैठता हूं। मैं गरीबों का हित जानता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि ' जो जमीन सरकारी है वह जमीन हमारी है।' वहीं बाद में मीडिया कर्मियों द्वारा पूछा गया कि यह नर तो नक्सलियों द्वारा लगाया जाता है, जिस पर हंसते हुए उन्होंने जवाब दिया कि हमसे बड़ा नक्सली कौन है।
वहींं इस दौरान उन्होंने सोनभद्र के सांसद और विधायकों को भी आड़े हाथ से लिया। उन्होंने कहा कि सोनभद्र के सांसद और विधायक सदन में यहां के गरीबों की आवाज क्यों नहीं उठाते हैं। बिजली सोनभद्र से पैदा होती है लेकिन सोनभद्र को ही बिजली नहीं मिल रही है। यहां के गरीब बिजली के लिए तरस रहे हैं जबकि बिजली लखनऊ चली जा रही है।
इसके अलावा महिला आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही लेकिन कांग्रेस द्वारा महिला आरक्षण की दिशा में कोई कार्य नहीं किया गया। महिला आरक्षण बिल पास होने का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। इसके अलावा 2024 चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें जहां से टिकट मिल जाएगा वहां से वह चुनाव लड़ेंगे। हंसते हुए उन्होंने कहा कि मांगो उसी से, जो दे दे खुशी से, कहे ना किसी से।












Click it and Unblock the Notifications