Sonbhdra News : भूसे से निकल रही थी 'शराब', सूचना मिलते ही टूट पड़ा पूरा गांव
Sonbhdra जिले के करमा थानांतर्गत भरूहां गांव में शुक्रवार को सड़क किनारे एक ट्रक पलट गया था, तीन दिन बाद रविवार को वहां पर ग्रामीण पहुंचे तो उसमें भूंसे के बीच में शराब छुपाकर रखी हुई मिली
Sonbhdra जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के करमा थाना अंतर्गत भरूहां गांव में भूसे से शराब निकल रही थी। शराब पाने के लिए ग्रामीणों की भीड़ वहां जमा हुई तो किसी ने पुलिस को सूचना दे दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां पर इकट्ठा हुए लोग फरार हो गए और जांच-पड़ताल के बाद मामले से पर्दा उठ गया। फिर पुलिस टीम द्वारा पांच लाख की शराब बरामद की गई। इस मामले में शराब जब्त करते हुए पुलिस द्वारा आवश्यक और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ट्रक में भूसे में छुपाकर रखी गई थी शराब
दरअसल सोनभद्र जिले के करमा थानांतर्गत भरुहा गांव में तीन दिन पहले एक ट्रक पलट गया था। ट्रक पलटने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण वहां पहुंचे तो पलटे हुए ट्रक के समीप कोई नहीं मिला और ट्रक में भूसा लोड था। वहां आसपास किसी के न मिलने के बाद ग्रामीण ट्रक की तलाशी लेने लगे। इसी दौरान उन्हें ट्रक में लदे भूसे के बीच में छुपा कर रखी गई शराब की बोतलें मिलीं। पहले तो दो चार ग्रामीण मौके पर थे, उसके बाद यह बात धीरे-धीरे पूरे गांव में फैल गई और फिर पूरा गांव वहां पर ट्रक से शराब लेने के लिए पहुंच गया।

किसी ने फोन करके पुलिस को दे दी सूचना
सड़क के किनारे पलटे ट्रक और वहां पर मौजूद भीड़ को देखकर किसी ने पुलिस को सूचना दे दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर मौजूद ग्रामीण पुलिस को देखकर भागने लगे। कुछ लोगों के हाथ में शराब की बोतलें भी थी। उसके बाद पुलिस द्वारा पलटे हुए ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में लोड किए गए भूसे के बीच में छुपा कर रखी हुई शराब की बोतलें बरामद की गई।

भूसे में से 5 लाख की अवैध शराब बरामद
उसके बाद पुलिस टीम द्वारा पूरे ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक में से लगभग पांच लाख से अधिक की अवैध शराब को पुलिस ने बरामद किया। ट्रक के समीप कोई भी चालक व खलासी मौजूद नहीं मिला। उसके बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और उस पर लिखे गए नंबर के आधार पर ट्रक स्वामी को तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। इस बारे में करमा थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि ट्रक में से 5 लाख से अधिक रुपए की अवैध शराब बरामद की गई है। शराब कहां ले जाई जा रही थी और कौन-कौन लोग इसमें शामिल थे, उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications