Marital News: सोनम रघुवंशी की तरह एक और घटना, UP के सिद्धार्थनगर में पति की हत्या में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
Marital News: देशभर से ऐसी खबरें लगातार सामने आ रही हैं जहां रिश्तों का कत्ल हो रहा है। अभी मध्य प्रदेश के इंदौर में राजा रघुवंशी की हत्या का मामला सुर्खियों में है। इसी बीच अब उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर से भी एक ऐसी ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया है।
पूरा मामल यूपी के सिद्धार्थनगर जनपद के ढेबरुआ थाना क्षेत्र का है। इस वारदात ने भी पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में जो बातें सामने आई हैं, वे बेहद चौंकाने वाली हैं। पता चला है कि महिला अपने पति को बलरामपुर ले गई, जहां उसे नशीला पदार्थ दिया गया। इसके बाद अपने प्रेमी की मदद से उसने पति को पुल से नदी में फेंक दिया।

मंगलवार को पुलिस ने महिला की निशानदेही पर नदी से शव बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी दोनों को हिरासत में ले लिया है। उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। वहीं जब यह बात लोगों को पता चली तो लोग हैरान रह गए। इलाके में हर किसी की जुबान पर इसकी चर्चा चल रही है।
पत्नी ने ही की थी शिकायत
बता दें कि इंदौर की सोनम और राजा रघुवंशी का मामला अभी लोगों के जेहन में ताजा ही था कि सिद्धार्थनगर में सामने आए इस नए मामले ने सनसनी फैला दी है। ढेबरुआ के एसएचओ गौरव कुमार सिंह ने इस वारदात के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह मामला दो जून को सामने आया।
उन्होने कहा कि इस मामले में रेकहट ग्राम पंचायत के नजरगढ़वा की रहने वाली संगीता ने अपने पति कन्नन (48) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसकी शिकायत के बाद पुलिस द्वारा इस मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि संगीता ही अपने पति को लेकर घर से बाहर गई थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संगीता पर शक हुआ उसके बाद पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ किया। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने के बाद संगीता टूट गई और उसने सच उगलते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस मामले में उसने अपने प्रेमी का भी नाम लिया। उसके बाद पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया।
कैसे रची गई खौफनाक साजिश?
संगीता ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति कन्नन को बलरामपुर के ललिया थानाक्षेत्र के धर्मपुर निवासी अपने प्रेमी अनिल शुक्ला उर्फ विवेक के साथ ले गई थी। पुलिस के अनुसार, संगीता ने कबूल किया कि उसने कन्नन को नशीला पदार्थ खिलाया था। इसके बाद प्रेमी के साथ मिलकर उसे ललिया रोड स्थित पुल से उसे राप्ती नदी में फेंक दिया।
संगीता की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार को पुल से लगभग डेढ़ किलोमीटर आगे बलरामपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के सेमरहना गांव के पास नदी से कन्नन का शव बरामद किया। शव काफी पुराना हो चुका था और कंकाल में बदल चुका था। उसके बाद पुलिस द्वारा मामले में संगीता और उसके प्रेमी अनिल शुक्ला से पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications