लापरवाही : ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने पेट में छोड़ दिया कपड़ा, 6 महीने बाद महिला की मौत
शाहजहांपुर, 28 जुलाई: यूपी के शाहजहांपुर में एक डॉक्टर की लापरवाही ने महिला की जान ले ली। दरअसल, छह महीने पहले डॉक्टर ने महिला का ऑपरेशन किया था। इस दौरान उसने महिला के पेट में एक कपड़ा छोड़ दिया। करीब एक महीने पहले तबीयत बिगड़ने पर महिला की जांच कराई कई। जांच रिपोर्ट में पेट में कपड़ा होने की बात सामने आई। ऑपरेशन करके कपड़ा निकाला भी गया, लेकिन महिला की हालत बिगड़ती चली गई। महिला को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।

जनवरी में हुई थी डिलीवरी
तिलहर थानाक्षेत्र के रहने वाले मनोज की पत्नी नीलम ने 6 जनवरी को शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के बाद एक बेटी का जन्म दिया था। इस ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने नीलम के पेट में एक कपड़ा छोड़ दिया। महिला के पति मनोज ने बताया कि बेटी के जन्म के बाद उसकी पत्नी के पेट में दर्द की शिकायत रहती थी। उन्होंने कई प्राइवेट डॉक्टरों से दवा ली, लेकिन फायदा नहीं हुआ। परेशान होकर उन्होंने 21 जून को पत्नी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सीटी स्कैन करने के बाद पता लगा कि उसके पेट में डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन के दौरान कपड़ा छोड़ दिया गया है। इसके बाद ऑपरेशन करके नीलम के पेट से कपड़ा निकाला गया।
महिला की इलाज के दौरान मौत
मनोज ने बताया कि उनकी पत्नी की इलाज के दौरान लखनऊ के ट्रामा सेंटर में सोमवार की रात को मौत हो गई। उन्होंने मामले की शिकायत की है, लेकिन अब तक किसी ने भी उनके न तो बयान लिए और न ही आरोपी डॉक्टर पर कोई कार्रवाई हुई। इस मामले में राजकीय मेडिकल कॉलेज की पीआरओ डॉक्टर पूजा त्रिपाठी का कहना है कि बताया कि इस मामले में बनाई गई जांच कमेटी ने आरोपित डॉक्टर पंकज को फोन करके उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने बात टाल दी। हालांकि, जांच कमेटी के सदस्य डॉक्टर सरोज कुमार ने कहा कि अब डॉक्टर पंकज जांच कमेटी को बयान देने के लिए तैयार हैं। डॉक्टर सरोज के मुताबिक, आरोपित डॉक्टर पंकज 6 महीने के लिए सीनियर रेजिडेंट के पद पर यहां काम कर रहे थे और कार्यकाल पूरा होने के बाद वह मेडिकल कॉलेज से चले गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications