ATM Fake Currency: ATM से निकले 'फुल ऑफ फन' वाले नकली नोट, असली को भी दे रहा था मात!
ATM Fake Currency: शाहजहांपुर जिले के कलान कस्बे में एक एसबीआई एटीएम से नकली 500 रुपये के नोट निकलने की खबर से लोगों में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को कई उपभोक्ताओं ने एटीएम से पैसे निकाले, लेकिन उनमें कुछ नोट असली की तरह दिखने वाले नकली नोट निकले।
शिकायतें बढ़ने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एटीएम को बंद करा दिया। बैंक अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी। अब सोमवार को बैंक अधिकारी एटीएम मशीन खोलकर उसमें भरे नोटों की जांच करेंगे, ताकि यह पता चल सके कि यह गलती बैंक की है या किसी और की।

ग्राहकों को मिले नकली नोट
शुक्रवार की शाम कस्बे के आकाश ने एटीएम से 3,000 रुपये निकाले। मशीन से 500 रुपये के पांच असली नोट आए, लेकिन एक नोट नकली था। इसी तरह नगर के सुमित ने 10,000 रुपये निकाले, जिसमें 500 रुपये के चार नकली नोट निकल आए।
शिवकुमार सिंह और बिहार निवासी विक्की माने ने भी एटीएम से पैसे निकाले, लेकिन उन्हें भी नकली नोट मिल गए। परेशान ग्राहकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चंद्र मौके पर पहुंचे और एटीएम को सील कर दिया।
कैसे पकड़े गए नकली नोट?
इन नकली नोटों को पहली नजर में देखकर असली और नकली में अंतर करना मुश्किल था। गांधी जी की तस्वीर, आड़ी धारियां और रंग असली नोट जैसा ही था। लेकिन ध्यान देने पर नीचे "फुल ऑफ फन" और साइड में "चूरन लेबल" लिखा मिला, जिससे इनकी पोल खुल गई।
पुलिस ने बैंक अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इस पर एटीएम को सील कर दिया गया। अब सोमवार को बैंक अधिकारी एटीएम मशीन खोलकर इसकी जांच करेंगे। स्टेट बैंक शाखा के अधिकारी आरआर तिवारी ने बताया कि एटीएम में जो भी नोट रखे जाते हैं, उनकी पूरी जांच की जाती है। यह मामला किसी तकनीकी गड़बड़ी या किसी की शरारत का भी हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications