CM in Satna: सीएम शिवराज ने सतना में 287 करोड़ लागत के विभिन्न विकास कार्यों की दी सौगात

सतना जिले के रामनगर में आयोजित महिला सम्मेलन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकास कार्यों की सौगातें दी है यहां सीएम ने 287 करोड़ लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

Shivraj Singh Chouhan

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को प्रवास के दौरान जिले के रामनगर में आयोजित लाडली बहना सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे।

जहां सीएम के रामनगर आगमन से उत्साहित लाडलियां उन्हें हैलीपैड से स्कूटी स्क्वाड के साथ स्कार्टिंग करते हुए सभा स्थल तक लाईं, जहां लाडलियों ने शिवराज को बघेली भाषा मे लिखी धन्यवाद पाती से भरी टोकरी भी सौंपी। यहां मिले स्नेह से अभिभूत मुख्यमंत्री ने रैंप पर जा कर लाडलियों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान सीएम ने हितग्राहियों को भू-अधिकार पत्र प्रदान किए और जिले को 287 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी।

अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र के रामनगर में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बहनों ने मुझे अपने हाथ से पगड़ी पहना कर मेरा सम्मान किया है। मैं उनका मान-सम्मान कभी जाने नहीं दूंगा। लाडली बहना सिर्फ योजना नहीं है, दिल की तड़प है। बहनों के साथ हुए अन्याय की मैं भरपाई करने की कोशिश कर रहा हूं।

सीएम ने रैंप पर हाथ मे माइक थाम कर फूलों का तारों का सब का कहना है, गीत गाया। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ अन्याय हुआ। बेटे-बेटियों में भेद हुआ। एक समय ऐसा आया जब मप्र में बेटियां कम हो गई। 1 हजार बेटों में 900 बेटियां हो गई थीं क्योंकि विज्ञान ने प्रगति की और कुछ लोगों ने महापाप किया। बेटियों के बिना दुनिया नहीं चल सकती। दोनों को भगवान ने बनाया लेकिन बेटियों के साथ अन्याय हुआ। लोगों ने नहीं सोचा कि बेटी नहीं बचाएंगे तो बहू कहां से लाएंगे। इसलिए मैंने सोचा कुछ करना चाहिए।

मैंने समझा और सोच कर तय किया कि बेटी को बढ़ाना है तो उसे वरदान बनाना पड़ेगा इसलिए कन्यादान योजना शुरू कराई। बीच मे दूसरी सरकार कांग्रेस की आ गई तो उन्होंने शादी कराई लेकिन बेटियों के पैसे नही दिए। हम लौटे तो फिर धूमधाम से शादियां शुरू हुईं। बेटी लखपति होंगी तो कोई उनके साथ अन्याय नहीं करेगा इसलिए लाडली लक्ष्मी योजना शुरू की। पढ़ाई के साथ पैसे मिलते रहें ऐसा इंतजाम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंजीनियरिंग-मेडिकल कालेज में पढ़ाई की फीस भरने का जिम्मा सरकार ने लिया। महिलाओं को चुनाव में आरक्षण देकर राजनैतिक हिस्सेदारी दी। उन्हें सशक्त बनाने का इंतजाम किया। इससे उनका मान-सम्मान बढ़ा। महिलाएं सरपंच बनी और उनके पति सरपंच पति बन कर पीछे चल रहे हैं। मकान, दुकान,खेत भी महिलाओं के नाम खरीदे जाएं इसके लिए रजिस्ट्री में छूट दी। अब 45 फीसदी संपत्ति महिलाओं के नाम खरीदी जा रही है। जो पट्टे दिए जा रहे हैं उनमें पहले पत्नी का नाम लिखा है,आवास योजना में भी पति के पहले पत्नी का नाम शामिल किया है। फिर भी मन मे टीस थी कि छोटी-छोटी जरुरत के लिए गरीब, मध्यम वर्गीय परिवारों की महिलाएं मोहताज रहती थीं। बेटे को कपड़े नहीं दिला पाती, मायके जाते वक्त पास में पैसे नहीं होते। पूरी रात सोचता रहा और फिर लाड़ली बहना योजना बनाई।

जिससे बहनों के हाथ में पैसे आएंगे। मैं भी भाई हूं, बहने जब राखी बांधती है तो भाई कुछ न कुछ देता है। 28 फरवरी को मैंने तय किया कि 1 हजार रुपए हर माह यानी साल में 12 हजार रुपए बहनों के खाते में डाले जाएंगे। वृद्ध महिलाओं की पेंशन 6 सौ से 1 हजार हो जाएगी। पैसा इज्जत भी बढ़ाता है। पैसा सम्मान बढ़ाता है। जब हर महीने पैसा आएगा तो सास भी रोटी में घी चुपड़ कर खिलाएगी और बहू सास के पैर दबाएगी। सास-बहू में प्रेम बढ़ेगा,घर का माहौल बदलेगा। बहने बच्चों पर पैसे खर्च करेगी, कुछ बचाएगी भी और वक्त जरूरत पति को भी दे देंगी। पति की मुसीबत में काम आएंगी। ये योजना नहीं क्रांति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने कर्ज माफ नहीं किया है। बैगा बहनों के खाते में पैसे बंद कर दिए। अब वो ठग फर्जी फॉर्म भरवा रहे हैं लेकिन भइया तो शिवराज ही है। हम गरीब रहने के लिए पैदा नहीं हुए। महिलाओं को आजीविका मिशन के जरिए महिलाओं की आय 10 हजार रुपये महीना करने के प्रयास में लगे हैं। सरकार अकेली न करे इसलिए बहने भी साथ देने जुट जाएं। इसलिए अब लाड़ली बहना सेना बनाई जा रही है। बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए आप सब का साथ चाहिए। छोटे गांव में 11 और बड़े गांवों में 21 सदस्यों वाली लाड़ली बहना सेना बनाई जाएगी। कितने पाप किए कांग्रेस ने। सतना की धरती से आज मैं फिर ऐलान कर रहा हूं कि मप्र की धरती में कोई भी भूमिहीन नही रहने दिया जाएगा। आज यहां 9100 पट्टे दिए हैं, अगली बार मकान दूंगा। मैं नेता नहीं सामाजिक क्रांति करने वाला हूं। आज मैं यहां से क्रांति का शंखनाद कर रहा हूं। एक लाख लोगों की भर्ती कर रहा हूं जो 15 अगस्त तक पूरी हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था मैं करूंगा। कांग्रेस ने मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई अंग्रेजी में करने का पाप किया जिससे ये कुछ मुट्ठी भर लोगों तक सिमट गई। हमने हिंदी में पढ़ाई शुरू कराई। अब धन्नू, पन्नू ,लल्ला के बेटे भी डॉक्टर इंजीनियर बनेंगे। ये सामाजिक क्रांति है। तमाम लोगों के बच्चे प्राइवेट स्कूलों में पढ़ते हैं। उनके मुकाबले सरकारी स्कूलों के बच्चे पीछे रह जाते हैं। हमने सीएम राइज स्कूल बनाना शुरू किया। ये भी तय किया कि सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मेडिकल की 5 प्रतिशत रिजर्व करने का फैसला हमने किया है। गरीब, किसान के बच्चे बढ़ेंगे। हम जमाना बदलने की कोशिश कर रहे हैं। विकास के काम तो हैं ही। बाण सागर की नहर कांग्रेस नहीं बना पाई, हमने बनाई, घर में नल जल की क्रांति आई। कमाने वाला खाएगा,लूटने वाला जाएगा। नया जमाना आएगा। पीएम मोदी और भाजपा की सरकार यह सब काम कर रही है। आइए आप तय कीजिये कि बच्चों का भविष्य बनाएंगे, किसान की जिंदगी बदलेंगे, मोदी के साथ,भाजपा के साथ और मेरे साथ चलेंगे। आप मेरा साथ दो मैं आपको जिंदगी बदल के दूंगा। रामनगर में पॉलिटेक्निक काॅलेज, जिगना हिनौती में नया स्वास्थ्य केंद्र,मर्यादपुर में सीएचसी,न्यू रामनगर बस स्टैंड में विकास कार्यों के लिए राशि देने का सीएम ने ऐलान क़िया।

सांसद गणेश सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि शिवराज ने देश की राजनीति में ऐसा काम किया जिसके कारण मप्र हमेशा शिखर पर रहेगा और याद किया जाता रहेगा। जब बेटियां कोख में मार दी जाती थीं लेकिन आपने लाडली लक्ष्मी योजना शुरू कर एक बड़े पुण्य का काम किया। कार्यक्रमो में कन्या पूजन की शुरुआत की,कन्यादान योजना शुरू की। बेटियां आपकी तस्वीरें लगा कर खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। अब आपने लाडली बहना योजना के रूप में अद्भुत काम किया है। आज कांग्रेस परेशान है,उसे लगता है शिवराज कहां से योजना ढूंढ कर लाते हैं। कांग्रेस ने कहा हम आएंगे तो इससे ज्यादा देंगे,लेकिन जब आओगे तब न दोगे। कांग्रेस ने जनता के साथ जो धोखाधड़ी की है उसे कोई कभी नही भूलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। आपने उसे विकास के शिखर पर पहुंचाया। सांसद ने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में सतना जिले की सभी सीटें भाजपा जीतेगी।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री कुंवर विजय शाह, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल, सांसद गणेश सिंह,जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, विधायक नागेंद्र सिंह, विक्रम सिंह भाजपा के संगठन प्रभारी अभय सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, महापौर योगेश ताम्रकार,पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी भी मंचासीन रहे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+