Sant Kabir Nagar: इस घर के किचन से निकले एक साथ 26 सांप, रेस्क्यू करने आए सपेरे के भी उड़ गए होश
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां, नगर पंचायत कार्यालय के अधिशासी अधिकारी आवास कक्ष में एक साथ 26 जहरीले सांपों का समूह निकला, जिसे देखे कर्मचारियों समेत आसपास के लोग भी सख्ते में आ गए। तकरीबन 5 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी सांपों को सुरक्षित निकाला गया और जंगल में छोड़ा गया। इन सांपों में कोबरा समेत अन्य जहरीले सांप भी थे।
आवास के किचन में कुंडली मारकर बैठे थे 26 सांप
बता दें कि संतकबीरनगर जिले की मगहर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी के बंद पड़े आवास की किचन में यह सांपों का जखीरा देखा गया। दरअसल, मगहर नगर पंचायत कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है। जिसके चलते पुराने कार्यालय में बहुत कम कामकाज होता है। नगर पंचायत कार्यालय के लिपिक संजय दुबे ने बताया कि पुराने कार्यालय के पास बने पुराने अधिशासी अधिकारी आवास कक्ष में वर्तमान समय में कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए उपस्थिति पंजिका रखी रहती है।

कोबरा को पकड़ने के लिए फर्श तक तोड़ना पड़ा
वहीं जब नगर पंचायत के कर्मचारी उसी कक्ष में उपस्थिति रजिस्टर देख रहे थे कि तभी एक विषैले सांप के बच्चे पर उनकी नजर पड़ी। जिसकी जानकारी अन्य लोगों को दी गई। इसके बाद कर्मचारियों के द्वारा कस्बे के ही सपेरा को बुलवाया गया। किचन में पानी डालने पर सांप के छोटे-छोटे 26 बच्चे बाहर निकल आए। यह रेस्क्यू लगभग 5 घंटे तक चला। इसके बाद कोबरा को पकड़ने के लिए फर्श को तोड़ना पड़ा, कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू सफल हुआ। इतनी बड़ी संख्या में सांपों के मिलने पर नगर पंचायत के कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।












Click it and Unblock the Notifications