BJP ने गुलाबो देवी को दिया टिकट तो पानी की टंकी पर चढ़ा कार्यकर्ता, कूदने से रोकने में अफसरों के छूटे पसीने
संभल, 19 जनवरी: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा दी है। तो वहीं, टिकट बटवारे के बाद भाजपा के अंदर इस्तीफों के दौर के साथ विरोध भी शुरू हो गया है। ताजा मामला संभल जिला के चंदौसी सीट का है। यहां मंत्री गुलाबो देवी को फिर से टिकट मिलने पर एक कार्यकर्ता नाराज हो गया औऱ जमकर ड्रामा किया। कार्यकर्ता पानी की टंकी पर चढ़ गया औऱ कूदने की जिद करने लगा। हालांकि, पुलिस-प्रशासन ने उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारा।
Recommended Video

भारतीय जनता पार्टी ने चंदौसी विधानसभा सीट से माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाबो देवी को उम्मीदवार बनाया है। गुलाबो देवी बीजेपी में 33 सालों से हैं और वह चंदौसी विधानसभा सीट से चार बार जीत चुकी हैं। लेकिन इस बार गुलाबो देवी का खूब विरोध हो रहा है। गुलाबो देवी के विरोध में पार्टी के करीब 500 कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का कहना है कि अगर गुलाबो देवी चुनाव लड़ीं तो उसको कोई वोट नहीं देगा।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनपर भू-माफिया, खनन माफिया को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। गुलाबो देवी का विरोध बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंत्री पवन मुखिया 80 फुट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए और कूदने की धमकी देने लगे। मौके पर दमकल विभाग समेत स्थानीय पुलिस और कार्यकर्ता पहुंचे और समझा बुझाकर नीचे उतारा गया। पवन मुखिया का आरोप है कि मंत्री गुलाबो देवी ने कोई विकास कार्य नहीं किया है।
बीजेपी नेता पवन मुखिया ने कहा कि मंत्री गुलाबो देवी ने 2017 के विधानसभा चुनाव में ग्रामीणों से शोत नदी का पुल बनवाने का वादा किया था, मगर सरकार में मंत्री बनने के बाद भी गुलाबो देवी आज तक शोत नदी का पुल नहीं बनवा पाईं। पार्टी नेताओं के अलावा ग्रामीण भी गुस्से में हैं और उन्होंने गुलाबो देवी का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने कहा कोई विकास नहीं हुआ। पार्टी ने कार्यकर्ताओं को धोखा देने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications